छिंदवाड़ा। सड़क हादसों पर लगाम कसने के लिए अब पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। थाना देहात पुलिस ने नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में 33 चालान काटे और ₹10,500 का जुर्माना वसूला। इस कार्रवाई से लापरवाह वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 05 मई 2026 को थाना देहात पुलिस द्वारा विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले और काली फिल्म लगी कारों को खासतौर पर निशाने पर लिया गया। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले 33 चालकों पर कार्रवाई करते हुए उनसे कुल ₹10,500 का जुर्माना वसूला गया।
पुलिस की यह कार्रवाई सिर्फ दंडात्मक नहीं रही, बल्कि जागरूकता पर भी बराबर जोर दिया गया। जो वाहन चालक हेलमेट पहनकर बाइक चला रहे थे और सीट बेल्ट लगाकर कार चला रहे थे, उनका मौके पर सम्मान भी किया गया। इस पहल ने एक सकारात्मक संदेश दिया कि नियमों का पालन करने वालों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
निरीक्षक गोविन्द सिंह राजपूत के नेतृत्व में थाना देहात स्टाफ ने पूरी मुस्तैदी के साथ यह अभियान चलाया। पुलिस का कहना है कि बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए इस तरह की कार्यवाहियां लगातार जारी रहेंगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय सुरक्षा नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। हेलमेट और सीट बेल्ट सिर्फ चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए जरूरी हैं। आपकी छोटी सी सावधानी न सिर्फ आपकी जान बचा सकती है, बल्कि आपके परिवार और समाज को भी सुरक्षित रखती है।
“सहयोगी जनता – सक्रिय पुलिस – सुरक्षित समाज” के संकल्प के साथ पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि अब सड़क पर नियम तोड़ना आसान नहीं होगा।
0 टिप्पणियाँ