परासिया के कोसमी धाम में श्री शनि जन्मोत्सव समारोह 7 से 16 मई तक सम्पन्न होगा

परासिया के कोसमी धाम में श्री शनि जन्मोत्सव समारोह 7 से 16 मई तक सम्पन्न होगा
परासिया। कोसमी धाम स्थित स्वयंभू सिद्धपीठ श्री शनि मंदिर में श्री श्याम शनि सेवा संस्थान के तत्वावधान में 7 मई से 16 मई 2026 तक भव्य श्री शनि जन्मोत्सव समारोह का आयोजन किया जाएगा। आयोजन के अंतर्गत श्री शनि महायज्ञ एवं नवग्रह प्राण प्रतिष्ठा सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। कार्यक्रम में यज्ञाचार्य तंत्राचार्य एवं ज्योतिषाचार्य शास्त्री पं. आकर्षित जी महाराज के सानिध्य में अनुष्ठान सम्पन्न होंगे।

आयोजन समिति के अनुसार 7 मई से 15 मई तक नौ दिवसीय अग्नि साधना अघोर अनुष्ठान प्रतिदिन प्रातः 11:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। प्रतिदिन सुबह 8 बजे अभिषेक भी होगा। 14 मई गुरुवार को जाप संकल्प, पूजन, आह्वान, यज्ञ प्रारंभ एवं नवग्रह प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

15 मई शुक्रवार को श्री शनिदेव की भव्य रथ शोभायात्रा शाम 5 बजे शनिधाम कोसमी से प्रारंभ होकर परासिया नगर भ्रमण करते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचेगी। इसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन होगा। इसी दिन शाम 6 बजे से 24 घंटे का श्री शनि नाम अखंड संकीर्तन प्रारंभ किया जाएगा। साथ ही विशाल सामूहिक विवाह समारोह भी आयोजित होगा, जिसके लिए वर-वधु पंजीयन जारी है।

16 मई शनिवार को शनि जन्मोत्सव समारोह के अवसर पर प्रातः 4 बजे महाअभिषेक, सुबह 8 बजे महाआरती एवं पूर्णाहुति तथा सुबह 9 बजे से विशाल भंडारा महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 1 बजे से रुद्राक्ष वितरण एवं शाम 7 बजे विशेष अघोर मिर्ची हवन किया जाएगा।

आयोजकों द्वारा परासिया थाना से कोसमी धाम तक श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क वाहन सेवा भी उपलब्ध कराई जाएगी। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ