सच की आंखें
परासिया। तहसील के ग्राम डुड्डी में शनिवार सुबह 8:30 बजे 8 लोगों ने एक ही परिवार के 4 सदस्यों पर घर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया। लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हुए हमले में परिवार के बेटे का सिर फट गया, मां की पसलियां जख्मी हुईं और बहू की उंगली में बांस घुस गया। पीड़ित परिवार ने रविवार को SP कार्यालय पहुंचकर आरोपियों पर हत्या के प्रयास और बलवा की धारा में केस दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की।
घर में घुसकर की मारपीट, कपड़े फाड़े
पीड़ित नितेश यदुवंशी ने बताया कि शनिवार सुबह वे घर में थे, तभी गांव के ही कमल यदुवंशी, काशी यदुवंशी, सिराज यदुवंशी सहित 8 लोग लाठी-डंडे लेकर घर में घुस आए। गाली-गलौज करते हुए आरोपियों ने पूरे परिवार पर हमला कर दिया। हमले में नितेश का सिर फट गया, गला दबाया गया और हाथ तोड़ने की कोशिश की गई। भाई दुर्गेश को लात-घूंसों से पीटा गया, कपड़े फाड़ दिए। मां कूरा बाई के बाएं हाथ, पसली और कमर में गंभीर चोट आई। बहू निकिता यदुवंशी के बाएं हाथ की उंगली में लाठी का बांस घुस गया, जिससे मांस कट गया।
बीच-बचाव करने आई महिला को भी पीटा
शोर सुनकर बीच-बचाव करने आई पड़ोसी छोटी बाई पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया। उनके हाथ, कमर और कंधे में चोट आई है। आरोप है कि कमलेश की गर्दन दबाकर जान लेने की कोशिश की गई और मोबाइल छीन लिया गया।
शिकायत करने गए तो घर पर फेंके पत्थर
पीड़ित परिवार जब न्यूटन चौकी शिकायत करने गया, उसी दौरान गांव से सूचना मिली कि आरोपियों ने उनके घर पर पत्थर फेंके और आग लगाने का प्रयास किया। पीड़ितों का आरोप है कि चौकी प्रभारी ने उनकी पूरी बात न सुनकर मामूली धाराओं में केस दर्ज किया, जबकि मामला हत्या के प्रयास का है।
पहले भी कर चुके हैं हमला, दे रहे धमकी
आवेदन में बताया गया कि आरोपियों ने पूर्व में भी कई बार मारपीट की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से उनके हौसले बुलंद हैं। अब धमकी दे रहे हैं कि "पुलिस कार्रवाई हुई तो पूरे परिवार को घर में जिंदा जला देंगे।" आरोपियों ने गांव के राजा यदुवंशी के खेत में आग लगाकर पीड़ितों के परिचित चेतन यदुवंशी पर पुलिस से दबाव डालकर झूठा केस भी बनवाया है।
SP से लगाई न्याय की गुहार
रविवार को कूरा बाई, नितेश, दुर्गेश और निकिता यदुवंशी ने SP छिंदवाड़ा को आवेदन सौंपा। मांग की कि न्यूटन चौकी प्रभारी की भूमिका की जांच कर आरोपियों पर धारा 307, 452, 147, 148, 506 के तहत केस दर्ज कर तत्काल गिरफ्तार किया जाए। परिवार ने सुरक्षा की भी मांग की है।
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
परासिया SDOP का कहना है, "डुड्डी की घटना की जानकारी मिली है। आवेदन की जांच कराई जा रही है। MLC रिपोर्ट के आधार पर धाराएं बढ़ाई जाएंगी। दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।"
आवेदन देने वाले में पीड़ित,, कुरा भाई, नीतेश, दुर्गेश,, निकिता,,,, जय भीम सेना संगठन से,, शिवम् पहाड़े,, गणपत यदुवंशी, दिनेश युवनाती, पारस वंशकार, पप्पू मंडरा, पवन सातंकर, रामेंद्र यूके, दिनेश यदुवंशी, संजय वंशकार नीरज यूके,, सुनील यदुवंशी, चेतन यदुवंशी, कमलेश यदुवंशी, मनोज चंद्र वंशी, विनोद चंद्र वंशी,, अर्जुन यदुवंशी आदि समाज व संगठन के लोग पीड़ित परिवार के साथ उपस्थित रहे,
0 टिप्पणियाँ