सच की आंखें छिन्दवाड़ा/30 अप्रैल 2026/ आकाशवाणी के 90 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित “आकाशवाणी @ 90” युवा आउटरीच इनिशिएटिव के अंतर्गत विगत दिवस शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान छिंदवाड़ा में आकाशवाणी छिंदवाड़ा के तत्वाधान में तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से आकाशवाणी के कार्यक्रम अधिकारी श्री दीपांकर तिवारी, कार्यक्रम अधिकारी श्री अमोल शेंडे तथा संस्था के प्राचार्य श्री शुभम नीमजे उपस्थित थे।
प्रतियोगिता में कुल 28 प्रशिक्षणार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न समसामयिक एवं सामाजिक विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों के आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति कौशल एवं विषय की गहराई ने उपस्थित सभी को प्रभावित किया। कार्यक्रम का वातावरण अत्यंत उत्साहपूर्ण, ऊर्जावान एवं प्रेरणादायक रहा। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी श्री दीपांकर तिवारी ने कहा कि आकाशवाणी पिछले 90 वर्षों से देश के जन-जन तक सूचना, शिक्षा एवं मनोरंजन का विश्वसनीय माध्यम रहा है। आकाशवाणी समाज के हर वर्ग के लिए समर्पित एवं उपयोगी कार्यक्रम प्रस्तुत करता है। वहीं “युववाणी” जैसे मंच युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
युववाणी कार्यक्रम अधिकारी श्री अमोल शेंडे ने कहा कि इस तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना है, जिससे वे अपने विचार निर्भीकता के साथ व्यक्त कर सकें। आकाशवाणी निरंतर ऐसे आयोजनों के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। प्रतियोगिता में चित्रांश यादव ने प्रथम स्थान, अनुज ठाकुर ने द्वितीय स्थान तथा योगिता बंजारा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले चित्रांश यादव औऱ द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले अनुज ठाकुर को विशेष रूप से आकाशवाणी युववाणी कार्यक्रम में एक दिन के लिए प्रस्तुति देकर आर.जे. बनने का अवसर प्रदान
किया जाएगा।
0 टिप्पणियाँ