तामिया। छिंदवाड़ा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े आउटसोर्स एमटीडब्ल्यू स्वास्थ्य कर्मचारी पिछले तीन महीनों से वेतन नहीं मिलने के कारण आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। कर्मचारियों ने मंगलवार को तामिया पहुंचकर बीएमओ भुवनेश्वर कुमार को ज्ञापन सौंपते हुए लंबित वेतन का जल्द भुगतान किए जाने की मांग की।
एमटीडब्ल्यू स्वास्थ्य कर्मचारियों ने बताया कि उनकी भर्ती राज सिक्योरिटी फोर्स प्राइवेट लिमिटेड भोपाल एजेंसी के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग में आउटसोर्स के तहत की गई थी। कंपनी का एग्रीमेंट 28 फरवरी 2026 को समाप्त हो चुका है, लेकिन तीन माह बीत जाने के बाद भी नया एग्रीमेंट नहीं हो पाया है। इसके चलते मार्च, अप्रैल और मई माह का वेतन कर्मचारियों को नहीं मिला।
कर्मचारियों का कहना है कि बिना वेतन के भी वे लगातार उप स्वास्थ्य केंद्रों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन वेतन नहीं मिलने से परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। इससे पहले भी कर्मचारी दो बार अधिकारियों को अपनी समस्या से अवगत करा चुके हैं। हर बार जल्द भुगतान का आश्वासन दिया गया, लेकिन अब तक वेतन जारी नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ गई है।
ज्ञापन सौंपते हुए कर्मचारियों ने मांग की कि लंबित तीन माह का वेतन शीघ्र जारी किया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक परेशानियों से राहत मिल सके।
बाइट — एमटीडब्ल्यू स्वास्थ्य कर्मचारी
0 टिप्पणियाँ