भोपाल, 25 मई। राजधानी भोपाल के माँ कर्मा देवी मार्ग स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर (साहू समाज) में 26 मई से पांच दिवसीय भव्य श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का शुभारंभ होने जा रहा है। मंदिर के मुख्य द्वार के 111 वर्ष एवं परिसर स्थित प्राचीन कुएं के निर्माण के 101 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यह शताब्दी समारोह विशेष उत्साह और धार्मिक आस्था के साथ मनाया जा रहा है।
महायज्ञ की शुरुआत मंगलवार शाम 5 बजे भव्य मंगल कलश यात्रा से होगी। यह यात्रा मंदिर कमाली से प्रारंभ होकर घोड़ा नक्कास, गुड़ बाजार, आजाद मार्केट और मंगलवारा मार्ग से होते हुए श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर पहुंचकर संपन्न होगी। आयोजन समिति के अनुसार सनातन परंपरा में कलश यात्रा को सुख, समृद्धि और पवित्रता का प्रतीक माना जाता है।
महायज्ञ को वैदिक रीति-रिवाजों और पूर्ण विधि-विधान के साथ संपन्न कराने के लिए काशी (बनारस) से विद्वान पंडितों को आमंत्रित किया गया है। पंडित श्री ओम प्रकाश गंगेले के सानिध्य में बनारस के सुप्रसिद्ध पंडित श्री सतानंद जी द्वारा यज्ञ, पूर्णाहुति एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जाएंगे।
संस्था के अध्यक्ष विजय साहू एवं महामंत्री राजकुमार साहू (राजू) ने बताया कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति से जोड़ने और समाज में एकता का संदेश देने का माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में समय-समय पर आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रम समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनते रहे हैं।
आयोजन को सफल बनाने के लिए साहू समाज की पूरी टीम तैयारियों में जुटी हुई है। कार्यक्रम में दीनदयाल साहू (झूमरबाला), सुरेंद्र साहू सराय, घनश्याम साहू (जीजा), हिम्मत साहू, महेश साहू, पिंटू साहू, ओम प्रकाश साहू, जगदीश साहू (गब्बर), नरेश साहू, मुकेश साहू (मिर्ची), राजेश साहू (जिंसी), रमेश साहू (मामा जूस), विनोद साहू संस्कार, सुनील साहू, मनीष साहू, संजय साहू बालाजी, कमलेश साहू (वर्षा), प्रीतम साहू एडवोकेट सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहेंगे।
आयोजन समिति ने भोपाल के समस्त धर्मप्रेमियों, महिला मंडल, नवयुवक मंडल एवं साहू समाज के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
0 टिप्पणियाँ