सच की आंखें छिन्दवाड़ा/09 जून 2026/छिंदवाड़ा शहर के होटल पूजा लॉन, परासिया रोड में आयोजित मृगनयनी मध्यप्रदेश प्रदर्शनी-2026 में लोगों का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। मध्यप्रदेश हस्तशिल्प एवं हथकरघा विकास निगम द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर प्रदेश की समृद्ध कला, शिल्प और हथकरघा परंपरा का अवलोकन कर रहे हैं।
प्रदर्शनी में मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कारीगरों और बुनकरों द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पाद लोगों को खूब आकर्षित कर रहे हैं। चंदेरी की जरी एवं रेशम किनारी वाली साड़ियां, महेश्वरी वस्त्र, बाग और बाटिक प्रिंट, खादी उत्पाद, जरी-जरदोजी कार्य, गोंड पेंटिंग, लेदर क्राफ्ट, हस्तनिर्मित ज्वेलरी, दरी, लकड़ी एवं खराद शिल्प जैसी पारंपरिक कलाओं को देखने और खरीदने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
विशेष रूप से चंदेरी की प्रसिद्ध साड़ियों के पारंपरिक एवं ऐतिहासिक डिजाइनों को देखने के लिए महिलाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। वहीं हस्तनिर्मित कलात्मक वस्तुओं और पारंपरिक उत्पादों की गुणवत्ता तथा उचित मूल्य भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। प्रदर्शनी में आए आगंतुकों का कहना है कि एक ही स्थान पर मध्यप्रदेश की विविध सांस्कृतिक और शिल्प विरासत को देखने का यह दुर्लभ अवसर है।
आयोजकों के अनुसार प्रदर्शनी में प्रतिदिन आगंतुकों की संख्या बढ़ रही है और लोगों का सकारात्मक प्रतिसाद कारीगरों का उत्साह भी बढ़ा रहा है। प्रदर्शनी न केवल पारंपरिक कला और शिल्प को बढ़ावा दे रही है, बल्कि स्थानीय एवं ग्रामीण कारीगरों को सीधे ग्राहकों से जोड़कर उन्हें आर्थिक संबल भी प्रदान कर रही है।
गौरतलब है कि यह प्रदर्शनी 16 जून 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से रात्रि 9 बजे तक आमजन के लिए खुली है। आयोजकों ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने परिवार और मित्रों के साथ प्रदर्शनी में पहुंचें, प्रदेश की समृद्ध हस्तशिल्प एवं हथकरघा परंपरा को करीब से देखें तथा स्थानीय कारीगरों के उत्पादों की खरीदारी कर उन्हें प्रोत्साहित करें।
मृगनयनी मध्यप्रदेश प्रदर्शनी केवल खरीदारी का मंच नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, कला कौशल और कारीगरों की मेहनत को करीब से जानने का एक सुनहरा अवसर है। जिलेवासियों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की गई है।
0 टिप्पणियाँ