सच की आंखें छिन्दवाड़ा/09 जून 2026/कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में आज जिले के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) के अंतर्गत संचालित सभी विद्यालयों की जिला स्तरीय समन्वय समिति (डीएलसी) की बैठक कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई।
बैठक में विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास, स्वास्थ्य एवं समग्र व्यक्तित्व निर्माण से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। कलेक्टर श्री नारायन ने निर्देशित किया कि सभी विद्यालयों में छात्र एवं छात्राओं के प्रवेश लक्ष्य शत-प्रतिशत पूर्ण किए जाएं तथा आगामी परीक्षाओं में और बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने हेतु विशेष प्रयास किए जाएं।
बैठक में विद्यार्थियों की प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में सहभागिता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर श्री नारायन ने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को नीट एवं जेईई जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं के लिए प्रेरित और तैयार किया जाए। साथ ही विद्यार्थियों में मंच संचालन एवं सार्वजनिक अभिव्यक्ति के कौशल विकसित करने तथा स्टेज फियर को दूर करने के लिए नियमित गतिविधियों का आयोजन किया जाए।
विद्यार्थियों के स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर चर्चा करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया गया कि सभी आवासीय विद्यालयों के लिए ब्लॉक स्तरीय समितियों का गठन किया जाए तथा समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन सुनिश्चित किया जाए।
इसके अतिरिक्त विद्यालय परिसरों, छात्रावासों एवं विद्यार्थियों के कमरों में स्वच्छता बनाए रखने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री नारायन ने स्पष्ट कहा कि विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में संबंधित सभी विभागों के अधिकारी, विद्यालय प्राचार्य एवं अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित थे।
0 टिप्पणियाँ