मोदी सरकार के 12 वर्ष : विकास, सुशासन और आत्मनिर्भर भारत पर प्रबुद्धजनों ने रखे विचारभाजपा की प्रबुद्धजन संगोष्ठी में मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने गिनाईं केंद्र सरकार की उपलब्धियां



सच की आंखें सिवनी, 17 जून 2026। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय सिवनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रबुद्धजन संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंडला सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष मीना बिसेन ने की। वहीं सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन, वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेन्द्र नाथ शुक्ला विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मंच पर नगर पालिका अध्यक्ष ज्ञानचंद सनोडिया, पूर्व जिलाध्यक्ष आलोक दुबे, प्रेम तिवारी, जिला महामंत्री संतोष अग्रवाल, गजानंद पंचेश्वर एवं मुकेश बघेल भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री मुकेश बघेल ने किया।

5 जून से 21 जून तक चल रहे हैं सेवा और जनजागरण कार्यक्रम

भाजपा जिलाध्यक्ष मीना बिसेन ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस से लेकर 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक पूरे जिले में सेवा, जनकल्याण, विकास एवं जनजागरण से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार द्वारा गरीब, किसान, युवा, महिला और समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए किए गए कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान चलाया जा रहा है।

मोदी के नेतृत्व में बढ़ी भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा : कुलस्ते

मुख्य अतिथि फग्गन सिंह कुलस्ते ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विश्व मंच पर नई पहचान बनाई है। आज भारत केवल एक विकासशील राष्ट्र नहीं, बल्कि वैश्विक निर्णयों को प्रभावित करने वाली शक्ति के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है और देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर मजबूती से अग्रसर है।

उन्होंने कहा कि सड़क, रेल, हवाई अड्डों, डिजिटल सेवाओं, ग्रामीण विकास और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है।

कुलस्ते ने कहा कि आज दुनिया भारत की ओर आशा और विश्वास के साथ देख रही है। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बात को गंभीरता से सुना जाता है और देश की प्रतिष्ठा निरंतर बढ़ रही है।

विकसित भारत का संकल्प हर नागरिक का संकल्प : दिनेश राय मुनमुन

सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में विकास और सुशासन की नई संस्कृति स्थापित हुई है। उन्होंने कहा कि पूर्व में वर्षों तक लंबित रहने वाली परियोजनाएं अब निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण हो रही हैं। गांवों तक सड़क, बिजली, पानी और डिजिटल सुविधाओं का विस्तार हुआ है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 का संकल्प केवल सरकार का नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का संकल्प है। देश को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने में समाज के प्रत्येक वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है।

संविधान, सुशासन और राष्ट्र निर्माण पर रखे विचार

वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेन्द्र नाथ शुक्ला ने संविधान, लोकतंत्र और सुशासन के विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शासन व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी को बढ़ावा मिला है। उन्होंने कहा कि भारत आज एक मजबूत लोकतांत्रिक राष्ट्र के रूप में विश्व में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है।

अधिवक्ता हीरालाल जरगे ने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं।

समाज के हर वर्ग की रही सहभागिता

संगोष्ठी में नगर पालिका एवं नगर परिषदों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्य, जनपद पंचायत प्रतिनिधि, पूर्व जिलाध्यक्ष, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री एवं प्रभारी, विभिन्न मोर्चों के जिलाध्यक्ष, प्रकोष्ठ संयोजक, पार्षद एवं बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में शिक्षक, व्यापारी, उन्नत कृषक, समाज प्रमुख, समाजसेवी, अधिवक्ता, चिकित्सक एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े बुद्धिजीवियों की विशेष सहभागिता रही। संगोष्ठी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों तथा विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ