मेंटेनेंस के दावों की खुली पोल, वार्ड 15-17 के बीच विद्युत पोल से उठीं आग की लपटें

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
बिजली के खंभे में लगी आग, वार्डवासियों में दहशत
मेंटेनेंस के दावों की खुली पोल, वार्ड 15-17 के बीच विद्युत पोल से उठीं आग की लपटें
जुन्नारदेव----बीती रात को नगर के वार्ड क्रमांक 15 एवं 17 के मध्य स्थित एक विद्युत पोल में अचानक आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। खंभे से निकलती आग की लपटों को देखकर स्थानीय लोगों में भय का माहौल बन गया। घटना के बाद संबंधित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे वार्ड अंधेरे में डूब गया और लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थानीय वार्ड वासियों का आरोप है।कि विद्युत विभाग द्वारा बारिश पूर्व मेंटेनेंस के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका असर दिखाई नहीं देता। लोगों का कहना है कि मेंटेनेंस के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं, फिर भी बिजली के खंभों और उपकरणों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। क्षेत्रवासियों के अनुसार हल्की हवा चलने या मामूली बारिश होने पर भी बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। आए दिन होने वाली बिजली कटौती और उपकरणों में खराबी से लोग परेशान हैं। आग लगने की इस घटना ने विभाग की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। नागरिकों का कहना है। कि यदि समय रहते विद्युत पोल और अन्य उपकरणों का उचित रखरखाव किया गया होता तो ऐसी स्थिति निर्मित नहीं होती। लोगों ने आरोप लगाया कि विभागीय लापरवाही के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। घटना के बाद वार्डवासियों में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि संबंधित अधिकारी समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं, जबकि आम नागरिकों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अब क्षेत्र के नागरिकों ने बारिश पूर्व मेंटेनेंस पर हुए खर्च और कार्यों की उच्च स्तरीय जांच की मांग उठानी शुरू कर दी है। उनका कहना है कि यदि समय रहते विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में और भी गंभीर घटनाएं सामने आ सकती हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default