फोटोयुक्त मतदाता सूची पुनरीक्षण की समीक्षा, दावा-आपत्ति की अवधि 15 जून तक बढ़ी

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0

सच की आंखें छिंदवाड़ा 
आगामी नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियों के तहत एसडीएम श्री सुधीर जैन ने नगर निगम सभा कक्ष में नगर पालिका निगम छिंदवाड़ा की फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण-2026 की समीक्षा बैठक ली। बैठक में प्राधिकृत अधिकारियों के साथ दावा एवं आपत्तियों की संशोधित अवधि, प्राप्त आवेदनों तथा मतदाता सूची को अधिक से अधिक त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दावा-आपत्ति एवं नए नाम जोड़ने की अवधि, जो पूर्व में 15 मई से 25 मई 2026 तक निर्धारित थी, उसे बढ़ाकर अब 15 जून 2026 को दोपहर 3 बजे तक कर दिया गया है। आयोग के निर्देशानुसार सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने तथा त्रुटियों के सुधार का अवसर प्रदान किया जा रहा है।


समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि नगर निगम क्षेत्र में विधानसभा मतदाता सूची के आधार पर लगभग 1 लाख 89 हजार मतदाता दर्ज हैं। वहीं नए नाम जोड़ने के लिए अब तक 465 आवेदन प्राप्त हुए हैं। बैठक में दावा-आपत्तियों के निराकरण एवं प्राप्त आवेदनों की वर्तमान स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

श्री जैन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के लिए सभी आवश्यक कार्यवाही निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण की जाए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल नहीं है, विशेषकर विवाह के बाद नगर क्षेत्र में निवास करने वाली महिलाओं अथवा अन्य कारणों से जिनका नाम दर्ज नहीं हो पाया है, तो वे अपने संबंधित वार्ड के निर्धारित मतदान केंद्रों पर जाकर आवेदन प्रस्तुत करें।

बैठक में मास्टर ट्रेनर श्री पी.एन. सनेसर, नगर निगम के श्री महेश साहू सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Tags:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default