सच की आंखें छिंदवाड़ा। जिले के युवाओं को इस वर्ष भी प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क तैयारी कराने के उद्देश्य से सांसद बंटी विवेक साहू की पहल एवं मार्गदर्शन में सांसद निःशुल्क कोचिंग का शुभारंभ 15 जून 2026 से किया जा रहा है। संवेदनशील सांसद बंटी विवेक साहू की इस महत्वाकांक्षी पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हेतु बेहतर शैक्षणिक वातावरण, विशेषज्ञों का मार्गदर्शन एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना है।
उल्लेखनीय है कि सांसद बंटी विवेक साहू की पहल पर विगत वर्ष भी जिले के 1,100 युवाओं को अटल आरक्षक कोचिंग के माध्यम से निःशुल्क कोचिंग प्रदान की गई थी, जिसमें कई युवाओं को चयन विभिन्न विभागों में हुआ था। सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि युवाओं को शिक्षा एवं रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना उनकी सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सांसद निःशुल्क कोचिंग की यह पहल युवाओं के सपनों को साकार करने तथा उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।
- गायत्री चेतना केंद्र में लगेगी सांसद निःशुल्क कोचिंग
भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ के जिला सयोजक एवं सांसद निःशुल्क कोचिंग के मार्गदर्शक व संचालक संतोष साहू ने बताया कि कोचिंग का संचालन मानसरोवर कॉम्प्लेक्स के पीछे मोहननगर में स्थित गायत्री चेतना केंद्र छिंदवाड़ा में किया जाएगा। सांसद निःशुल्क कोचिंग की कक्षाओं का समय प्रतिदिन प्रातः 10ः00 बजे से सायं 5ः00 बजे तक निर्धारित किया गया है। संतोष साहू ने बताया कि विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता का प्रशिक्षण एवं नियमित मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा, जिससे वे विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकें। उन्होंने बताया कि सांसद कार्यालय छिंदवाड़ा में आज 8 जून से सांसद निःशुल्क कोचिंग के लिए जिले के युवाओं का निःशुल्क पंजीयन प्रारंभ किया जायेगा।
- विभिन्न विषयों और पदों की तैयारी की मिलेगी निःशुल्क कोचिंग
भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ के जिला सयोजक एवं सांसद निःशुल्क कोचिंग के मार्गदर्शक व संचालक संतोष साहू ने बताया कि इस सांसद निःशुल्क कोचिंग के माध्यम से जिले के विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों के माध्यम से एमपीपीएससी, उप निरीक्षक, मध्यप्रदेश पुलिस, पटवारी, एसएससी, रेलवे, बैंकिंग एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान सामान्य ज्ञान, गणित, रीजनिंग, विज्ञान, हिन्दी, अंग्रेजी तथा समसामयिक घटनाक्रम (करेंट अफेयर्स) जैसे महत्वपूर्ण विषयों का अध्यापन अनुभवी शिक्षकों एवं विषय विशेषज्ञों द्वारा कराया जाएगा।
0 टिप्पणियाँ