सच की आंखें 

छिन्‍दवाड़ा/03 जून 2026/ कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन की अध्यक्षता में गत दिवस कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय समीक्षा समिति एवं जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति की मार्च 2026 तिमाही की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम महापौर श्री विक्रम अहके, श्री शेषराव यादव, सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, अग्रणी जिला प्रबंधक श्री सतीश कुमार, आर.बी.आई भोपाल से श्री संजय शेजकर, डीडीएम नाबार्ड श्रीमती श्वेता सिंह एवं सभी बैंकों के जिला समन्वयक और संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

       बैठक में सर्वप्रथम गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में विभिन्न विभागों के तहत विभिन्न ऋण योजनाओं में बैंकों को प्रदाय लक्ष्य और उपलब्धि की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा में पाया गया कि एनुअल क्रेडिट प्लान में 100%, संत रविदास स्वरोजगार योजना में 206%, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना में 121%, सावित्री बाई फुले स्व सहायता समूह योजना में 100%, भगवान बिरसा मुंडा स्व-रोजगार योजना में 172 %, डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना में 123%, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना में 116 %, म.प्र. डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन जिला पंचायत में 114% और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में 100% लक्ष्य पूर्ति रही। वहीं सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) द्वारा 99% लक्ष्य पूर्ति

की गई।

      कलेक्टर श्री नारायन द्वारा संबंधित सभी विभागों को निर्देश दिए गए कि इस वर्ष भी सभी योजनाओं में शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ति के लिए इन योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाई जाए तथा लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में नाबार्ड द्वारा तैयार वार्षिक क्रेडिट प्लान के लक्ष्यों की भी समीक्षा की गई।

      बैठक में बताया गया कि शासन की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से युवाओं एवं ग्रामीण नागरिकों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। पशुपालन विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि कामधेनु योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता के लिए पंचायत स्तर पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जन जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। बैठक में यह भी बताया गया कि 18 मई से 18 जून तक पशुधन एवं पशुपालकों के लिए जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके माध्यम से पशुपालकों को आधुनिक पशुपालन, पशु स्वास्थ्य एवं शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की जा रही है।

 

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शाखा प्रबंधक सम्मानित - बैठक के अंत में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान मध्यप्रदेश आदिवासी वित्त एवं विकास निगम द्वारा प्रायोजित भगवान बिरसा मुंडा स्व- रोजगार योजना एवं टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना अंतर्गत 100% के ऊपर उपलब्धि प्राप्त करने वाले बैंक शाखा प्रबंधकों को कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन, नगर निगम महापौर श्री विक्रम अहके, श्री शेषराव यादव, सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, अग्रणी जिला प्रबंधक श्री सतीश कुमार की ओर से प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।