नगर निगम सभाकक्ष में टीएल बैठक संपन्न, विश्व पर्यावरण दिवस एवं आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की हुई समीक्षा



सच की आंखें छिंदवाड़ा नगर निगम सभाकक्ष में निगम आयुक्त सी.पी. राय की अध्यक्षता में टीएल बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा के साथ आगामी विश्व पर्यावरण दिवस एवं अन्य जनहितकारी कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि नगरीय निकायों में 5 जून से 21 जून 2026 तक विभिन्न जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों के तहत विशेष अभियान संचालित किए जाएंगे। आयुक्त श्री राय ने सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जानकारी दी गई कि 5 जून, विश्व पर्यावरण दिवस से “एक पेड़ मां के नाम” महाअभियान के अंतर्गत व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान में पीपल, नीम, बरगद, आम सहित औषधीय एवं फलदार पौधों के रोपण पर विशेष बल दिया जाएगा। स्थानीय जलवायु के अनुरूप पौधों का चयन किया जाएगा तथा विद्यालयों, महाविद्यालयों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

नगरीय क्षेत्रों को प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाए जाएंगे। शहर के बाहरी क्षेत्रों एवं प्रवेश मार्गों पर एकत्रित प्लास्टिक एवं पॉलीथीन की हैंड पिकिंग कर सफाई की जाएगी। इसके अतिरिक्त तालाबों, कुओं, बावड़ियों तथा अन्य पारंपरिक जल स्रोतों की साफ-सफाई भी कराई जाएगी।

बैठक में बताया गया कि 12 से 18 जून के दौरान नगरीय निकायों में जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें विभिन्न शासकीय योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा।

इसी क्रम में 19 एवं 20 जून को स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा।

बैठक में कलेक्टर कार्यालय से प्राप्त टीएल शिकायतों के समय-सीमा में निराकरण की समीक्षा भी की गई। साथ ही सांसदों एवं विधायकों के पत्रों के आधार पर प्राप्त आवेदनों पर की गई कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
 
बैठक में उपायुक्त कमलेश निर्गुणकर, सहायक आयुक्त मीना कोरी सहित सभी शाखाओं के प्रमुख ,अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ