सच की आंखें छिन्दवाड़ा/29 जून 2026/ मध्यप्रदेश शासन के पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा संचालित शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना-2026 का समापन सोमवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एवं कार्यक्रम के नोडल अधिकारी श्री धीरेंद्र सिंह ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संभागीय नोडल अधिकारी विवेकानंद कैरियर गाइडेंस योजना छिंदवाड़ा डॉ.पी.एन.सनेसर थे। विशिष्ट अतिथियों में महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय छतरपुर के सहायक कुलसचिव श्री अमन अग्रवाल, श्री राजेश पाटिल, भारतीय थल सेना सूबेदार तथा भारतीय थल सेना के भूतपूर्व सूबेदार श्री मोहन घंगारे उपस्थित थे।
इस अवसर पर 45 दिवसीय प्रशिक्षण अवधि पूर्ण करने वाले पुरुष एवं महिला वर्ग के अभ्यर्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के नियंत्रणकर्ता अधिकारी एवं सहायक संचालक श्री संगीत देशमुख ने बताया कि 45 दिवस तक सैद्धांतिक एवं शारीरिक प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत कुल 160 अभ्यर्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एवं नोडल अधिकारी श्री धीरेंद्र सिंह ने अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण का पूर्ण उपयोग करते हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी अनुशासन एवं समर्पण के साथ करने तथा अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया।
0 टिप्पणियाँ