सच की आंखें छिन्दवाड़ा/29 जून 2026/ कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार मंगलवार 30 जून 2026 को जल गंगा संवर्धन अभियान का समापन, समारोह पूर्वक किया जाएगा। उन्होंने जिला स्तरीय कार्यक्रम, सभी विकासखण्डों व नगरीय निकायों में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देशों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर सभी ग्राम पंचायतों में भी कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे और विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। अभियान के समापन समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों के साथ ही अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जल दूतों, स्वयं सेवी संस्थाओं और नागरिकों को सम्मानित किया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम कलेक्टोरेट कार्यालय के सामने स्थित मैदान में प्रातः 11 बजे से आयोजित किया गया है। सभी कार्यक्रम स्थलों पर जल संवाद का आयोजन किया जाएगा और मुख्यमंत्री जी के संदेश का वाचन किया जाएगा। उन्होंने शासन के निर्देशानुसार सभी स्तरों पर जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन समारोह के सफल आयोजन के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर श्री नारायन सोमवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में समय सीमा प्रकरणों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दे रहे थे । बैठक में समय सीमा के लंबित प्रकरणों की समीक्षा के साथ ही सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई, न्यायालयीन प्रकरणों, वरिष्ठ कार्यालयों एवं विभिन्न आयोगों के लंबित पत्रों की भी विभागवार विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री नारायन ने विभिन्न अंतर्विभागीय एवं समसामयिक विषयों पर भी चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार, अपर कलेक्टर श्री धीरेन्द्र सिंह, एसडीएम छिंदवाड़ा श्री सुधीर जैन, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती ज्योति ठाकुर व श्रीमती अंकिता त्रिपाठी, डिप्टी कलेक्टर श्री राहुल कुमार पटेल, श्री पुष्पेंद्र निगम व श्री आर.के.मेहरा सहित जिला प्रशासन व सभी विभागों के जिला स्तरीय और संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। जिला मुख्यालय के अतिरिक्त अन्य एसडीएम और विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल थे।
कलेक्टर श्री नारायन ने समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि एनएचएआई के अधिकारी आंकड़ों के साथ प्रति सप्ताह हाईवे के किनारे खड़े बड़े वाहनों को हटाने के लिए क्या कार्यवाही की जा रही है, इसकी जानकारी प्रस्तुत करें। नगर निगम, सभी जनपद सीईओ और एनआरएलएम, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के तहत पात्र व्यक्तियों के पंजीयन में प्रगति लायें। उन्होंने नवागत उप संचालक कृषि श्री मोरिस नाथ को निर्देश दिए कि आगामी 2 - 3 दिवसों में सभी कृषि विस्तार अधिकारियों की बैठक लेकर ई-विकास प्रणाली के माध्यम से जिलेभर में खाद वितरण पर पूरी नजर रखें।
कलेक्टर श्री नारायन ने जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास को निर्देश दिए कि पीएम जनमन अभियान के तहत स्वीकृत 13 भवनों में से शेष 01 आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण भी शीघ्र प्रारंभ करवाएं। पितृविहीन बालकों का चिन्हांकन कर उन्हें मध्यप्रदेश शासन की योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने खनिज विभाग और एसडीएम चौरई को चौरई एवं चांद क्षेत्र में अवैध खनिज पर बेहतर कार्ययोजना के साथ और प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने सीईओ जनपद मोहखेड़ को ग्राम पंचायत सांवरी बाजार के सरपंच, सचिव के विरुद्ध शिकायत का स्पष्ट जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया।
0 टिप्पणियाँ