सच की आंखें जुन्नारदेव ------ नगर की महिलाओं, व्यापारियों एवं आम नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर युवा कांग्रेस नेता यशदीप साहू द्वारा अपने साथियों के साथ मुख्य नगर पालिका अधिकारी नेहा धुर्वे को दिए गए ज्ञापन का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। ज्ञापन सौंपे जाने के मात्र 5 दिनों के भीतर ही नगर पालिका परिषद जुन्नारदेव द्वारा मुख्य बाजार क्षेत्र में महिलाओं के लिए नवीन महिला प्रसाधन की व्यवस्था कर दी गई है।
ज्ञात हो कि हाल ही में युवा कांग्रेस नेता यशदीप साहू सहित पदाधिकारी और सदस्यों ने नगर के सार्वजनिक शौचालयों की बदहाल स्थिति, महिलाओं के लिए पर्याप्त प्रसाधन सुविधाओं के अभाव, फ्लाईओवर की बंद स्ट्रीट लाइटों तथा नगर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने हेतु सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की मांग को लेकर सीएमओ नेहा धुर्वे से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा था। उस दौरान सीएमओ द्वारा समस्याओं के त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया गया था। सीएमओ के निर्देश पर नगर पालिका ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य बाजार में महिलाओं के लिए एक नया एवं पृथक प्रसाधन स्थापित कराया है, जिससे बाजार में खरीदारी करने आने वाली महिलाओं, महिला व्यापारियों एवं छात्राओं को बड़ी राहत मिलेगी।
महिला प्रसाधन का सामाजिक महत्व ----- किसी भी नगर की सभ्यता, स्वच्छता और संवेदनशीलता का आकलन वहां महिलाओं को उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं से किया जाता है। सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छ एवं सुरक्षित महिला प्रसाधन की उपलब्धता महिलाओं की गरिमा, स्वास्थ्य और सुरक्षा से सीधे जुड़ी हुई है। ऐसी सुविधाओं के अभाव में महिलाओं को अनावश्यक असुविधा, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं एवं असुरक्षा का सामना करना पड़ता है। नगर पालिका द्वारा स्थापित यह नवीन महिला प्रसाधन महिला सशक्तिकरण एवं महिला सम्मान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
महिला व्यापारियों ने जताया आभार ----- जुन्नारदेव मुख्य बाजार की महिला व्यापारियों एवं स्थानीय महिलाओं ने इस पहल के लिए युवा कांग्रेस नेता यशदीप साहू तथा नगर पालिका की मुख्य नगर पालिका अधिकारी नेहा धुर्वे का आभार व्यक्त किया है। महिला व्यापारियों का कहना है कि लंबे समय से इस सुविधा की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे अब पूरा किया गया है। इससे बाजार आने वाली महिलाओं को काफी सहूलियत मिलेगी।
यशदीप साहू ने सीएमओ का किया धन्यवाद ----- युवा कांग्रेस नेता यशदीप साहू ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी नेहा धुर्वे का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर नगर पालिका द्वारा त्वरित कार्यवाही किया जाना सराहनीय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ज्ञापन में शामिल अन्य मांगों—सार्वजनिक शौचालयों की मरम्मत एवं स्वच्छता व्यवस्था, फ्लाईओवर की बंद स्ट्रीट लाइटों को चालू कराने तथा नगर के प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने जैसे कार्य भी शीघ्र पूर्ण किए जाएंगे। यशदीप साहू ने कहा कि वे आगे भी नगरवासियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते रहेंगे और जुन्नारदेव के विकास, स्वच्छता, सुरक्षा एवं जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों के लिए लगातार संघर्षरत रहेंगे, ताकि नगर के नागरिकों को बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हो सके।
0 टिप्पणियाँ