चार माह से पेयजल संकट से जूझ रहे हीरावाड़ी के ग्रामीण
मोहखेड़। ग्राम पंचायत हीरावाड़ी में पिछले चार माह से गहराए पेयजल संकट के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि नल-जल योजना के तहत महीने में केवल एक-दो बार ही पानी की आपूर्ति हो रही है, जिससे गांव के अधिकांश परिवार प्रभावित हैं। सबसे अधिक समस्या वार्ड क्रमांक 5 में देखने को मिल रही है, जहां लोगों को पीने के पानी के लिए रोजाना संघर्ष करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार नल आने पर भी पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पाता, जिसके चलते महिलाओं एवं बच्चों को दूर स्थित कुओं तथा निजी ट्यूबवेलों से पानी लाना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच पानी की समस्या ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर दिया है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरपंच, सचिव एवं वार्ड पंचों द्वारा समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा तक नहीं लिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत प्रतिनिधि ट्यूबवेल की मोटर में पानी कम होने का हवाला देकर जिम्मेदारी से बचने का प्रयास कर रहे हैं। उनका मानना है कि पंचायत चाहे तो टैंकर के माध्यम से अस्थायी रूप से पेयजल उपलब्ध कराया जा सकता है, लेकिन अब तक ऐसी कोई व्यवस्था नहीं की गई है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि हीरावाड़ी में व्याप्त पेयजल संकट का शीघ्र स्थायी समाधान किया जाए तथा प्रभावित वार्डों में तत्काल वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
0 टिप्पणियाँ