सच की आंखें अमरवाड़ा। छिंदवाड़ा पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 79.92 लीटर अवैध शराब और एक वैगनआर कार जब्त की है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है।
पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रविवार तड़के करीब 2:30 बजे थाना अमरवाड़ा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक वैगनआर कार (MP-28-ZH-7511) में भारी मात्रा में अवैध शराब ले जाई जा रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र धुर्वे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थावड़ी कला तिराहे पर घेराबंदी कर वाहन को रोका।
तलाशी के दौरान कार की डिग्गी से तीन प्लास्टिक की बोरियों में रखे कुल 444 पाव (79.92 लीटर) ऑफिसर च्वाइस अंग्रेजी शराब एवं देशी लाल मसाला शराब बरामद हुई। जब्त शराब एवं वाहन की कुल कीमत करीब 60 हजार रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में नीतेश सल्लाम (26), सकेश धुर्वे (23) और लक्ष्मण युरकरे (25) शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शराब उन्हें बेचने के लिए संदीप वर्मा निवासी पिपरिया राजगुरू ने दी थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जबकि फरार आरोपी संदीप वर्मा की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेन्द्र धुर्वे, उपनिरीक्षक विजेन्द्र मार्को सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
0 टिप्पणियाँ