सच की आंखें आमला- छिंदवाड़ा से इंदौर जा रही पेंचवली एक्सप्रेस में सीट को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। छिंदवाड़ा निवासी युवक अली खान की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद उसका शव बोरदेही रेलवे स्टेशन पर मिला, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार अली खान अपने दोस्तों जयंत विश्वकर्मा, शिवम मालवीय और यश उर्फ रिक्की के साथ ट्रेन से यात्रा कर रहा था। बताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान परासिया स्टेशन के पास सीट पर बैठने को लेकर अली का एक युवक से विवाद हो गया था। आरोप है कि इसी विवाद के बाद उक्त युवक ने अपने साथियों को बोरदेही रेलवे स्टेशन बुला लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों और मृतक के साथियों के मुताबिक, जब ट्रेन बोरदेही स्टेशन पहुंची तब अली ट्रेन के गेट के पास खड़ा था। इसी दौरान 12 से 15 युवकों का समूह वहां पहुंचा और उसे ट्रेन से नीचे खींच लिया। इसके बाद स्टेशन परिसर में उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। गंभीर चोटों के कारण अली की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के दोस्तों ने बताया कि हमलावर केवल अली को ही नहीं, बल्कि उसके साथ यात्रा कर रहे अन्य युवकों को भी तलाश रहे थे। जान बचाने के लिए वे दूसरे कोच में छिप गए।
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ मौके पर पहुंची। जीआरपी थाना प्रभारी प्रमोद पाटिल ने बताया कि ट्रेन में सीट को लेकर हुए विवाद के बाद युवक की हत्या की गई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना कर दी गई है।
घटना के बाद रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि पेंचवली एक्सप्रेस में आरपीएफ और जीआरपी के जवान तैनात रहते हैं, इसके बावजूद स्टेशन पर इतनी बड़ी वारदात होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
0 टिप्पणियाँ