सच की आँखे छिंदवाड़ा मीडिया संगठन मध्यप्रदेश (भोपाल) की जिला छिंदवाड़ा इकाई द्वारा सोमवार को पूजा लॉन, परासिया रोड, छिंदवाड़ा में जिला स्तरीय गौरव सम्मान समारोह 2026-27 का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष गयाप्रसाद सोनी मुख्य अतिथि एवं जिला अध्यक्ष मनेश साहू की अध्यक्षता में समाजसेवा, पत्रकारिता, शिक्षा, स्वास्थ्य, वन विभाग, आंगनवाड़ी, महिला सशक्तिकरण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विशिष्ट व्यक्तियों, कर्मयोगियों एवं प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि समाज एवं राष्ट्रहित में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों का सम्मान करना अत्यंत प्रेरणादायी पहल है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक कार्य करने वालों का उत्साहवर्धन करते हैं तथा नई पीढ़ी को सेवा, समर्पण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष गयाप्रसाद सोनी ने छिंदवाड़ा जिला इकाई की पूरी टीम को भव्य एवं सफल आयोजन के लिए हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि संगठन की यह सक्रियता पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत है।
जिला अध्यक्ष एवं संपादक मनेश साहू ने अपने संबोधन में कहा कि भविष्य में प्रदेश के प्रत्येक जिले में ऐसे गौरव सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे। साथ ही "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान को सभी तहसीलों तक पहुंचाया जाएगा तथा शिक्षा, समाजसेवा और जनहित में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को प्रत्येक तहसील एवं विद्यालय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
समाजहित एवं प्रतिभाओं के सम्मान के लिए ऐसे आयोजन पूरे मध्यप्रदेश में नियमित रूप से किए जाने चाहिए।
कार्यक्रम में जिले के पत्रकारों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। अंत में सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।
0 टिप्पणियाँ