सांसद श्री विवेक बंटी साहू की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सम्पन्नपेयजल, स्वास्थ्य, सिंचाई, ग्रामीण सड़क परियोजनाओं सहित महत्वपूर्ण विषयों की हुई व्यापक समीक्षापेयजल शिकायत कंट्रोल रूम के नंबर जिले की सभी पंचायतों में चस्पा करने के निर्देश दिए


सच की आंखें

छिन्‍दवाड़ा/25 जून 2026/ जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में छिंदवाड़ा सांसद श्री विवेक बंटी साहू की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं आधारभूत संरचना से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई।

      सांसद श्री साहू ने बैठक में जनहित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देते हुए विभागीय अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में अमरवाड़ा विधायक श्री कमलेश प्रताप शाह, श्री शेषराव यादव, श्री टीकाराम चंद्रवंशी व श्रीमती ज्योति डेहरिया सहित जिले के अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अग्रिम कुमार, वनमंडल अधिकारी श्री साहिल गर्ग, अपर कलेक्टर श्री धीरेन्द्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी एवं समिति के शासकीय-अशासकीय सदस्य उपस्थित थे।

 

पेयजल उपलब्धता की समीक्षा - बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता, जल सेवा आंकलन, ग्रीष्मकालीन कार्ययोजना, कंट्रोल रूम से प्राप्त शिकायतों के निराकरण तथा रोड रेस्टोरेशन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही मध्यप्रदेश जल निगम की माचागोरा समूह जल प्रदाय योजना की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा हुई। सांसद श्री साहू ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी के अधिकारियों को पेयजल शिकायत कंट्रोल रूम नंबर की सूची जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत में चस्पा कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जल निगम को माचागोरा समूह जल प्रदाय योजना का कार्य गति के साथ पूरा करने के लिए निर्देशित किया है, जिससे जिलेवासियों को शीघ्र इसका लाभ मिलना प्रारंभ हो सके। उल्लेखनीय है कि माचागोरा ग्रामीण समूह जलप्रयाद योजना से जिले के ब्लॉक मोहखेड़, छिंदवाड़ा, अमरवाड़ा, चौरई, बिछुआ, जामई एवं परासिया के 721 ग्राम लाभान्वित होंगे।

 

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा - स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद श्री साहू ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, आयुष्मान भारत योजना, टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान, एएनसी पंजीयन, सिकल सेल एनीमिया स्क्रीनिंग तथा उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह रोगियों के चिन्हांकन की स्थिति पर विभागीय अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली । उन्होंने जिला अस्पताल की सोनोग्राफी सुविधा को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। सांसद श्री साहू ने निर्देश दिए कि दूरस्थ क्षेत्रों के जो भी नर्सिंग स्टाफ मुख्यालय में अटैच हैं, उनका अटैचमेंट तत्काल समाप्त किया जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं बहाल हो सकें। उन्होंने जिले के सभी क्षेत्रों में बच्चों के डॉक्टर्स की भी व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए।

 

ग्रामीणों सड़कों का निर्माण हो गुणवत्तापूर्ण - बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत सड़क एवं पुल निर्माण कार्यों की प्रगति, पीएम जनमन योजना के स्वीकृत एवं पूर्ण कार्यों तथा आगामी कार्ययोजना की समीक्षा की गई। सांसद श्री साहू ने ग्रामीण संपर्क मार्गों के निर्माण एवं गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

      बैठक में खनिज विभाग द्वारा प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना एवं जिला खनिज प्रतिष्ठान निधि में उपलब्ध राशि तथा उसके उपयोग की जानकारी प्रस्तुत की गई। जिसके अनुसार जिला खनिज प्रतिष्ठान में मार्च 2026 तक की स्थिति में 87.97 करोड़ रुपए की राशि जमा है तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 कार्ययोजना के लिए 54.5925 करोड़ रुपए की राशि उपलब्ध है। वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना के लिए जिला खनिज प्रतिष्ठान न्यास मंडल की बैठक मई माह में आयोजित की जाकर न्यास मंडल द्वारा सर्व सम्मति से कार्ययोजना अनुमोदित की गई।

 

अधिक से अधिक युवाओं को मिले कौशल विकास एवं स्व रोजगार योजनाओं का लाभ - बैठक में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग द्वारा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना एवं पीएम विश्वकर्मा योजना की प्रगति से अवगत कराया गया। वर्तमान वित्तीय वर्ष में निर्धारित लक्ष्य 185 के विरुद्ध अभी तक 77 प्रकरण बैंक में भेजे जा चुके हैं। पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत 6162 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। लोन आवेदन करने वाले 1672 युवाओं में से 1540 को लोन वितरण किया गया है। साथ ही 3949 युवाओं को टूलकिट वितरण किया जा चुका है। कौशल विकास विभाग के अंतर्गत प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना 4.0 तथा पीएम इंटर्नशिप योजना के तीसरे चरण के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। जिले के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया।

 

सिंचाई सुविधाओं का शीघ्र हो विस्तार, निर्माण कार्य में लाएं तेजी - जल संसाधन विभाग की समीक्षा के दौरान छिंदवाड़ा सिंचाई कॉम्प्लेक्स वृहद परियोजना, इससे लाभान्वित होने वाली तहसीलों एवं ग्रामों तथा लघु सिंचाई योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई। सांसद श्री साहू ने सिंचाई सुविधाओं के शीघ्र विस्तार के लिए आवश्यक कदम उठाने और कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए। छिंदवाड़ा सिंचाई कॉम्प्लेक्स वृहद परियोजना से जिले की 6 तहसीलों के 431 ग्राम लाभान्वित होंगे और 103918 हेक्टर सिंचाई क्षमता बढ़ेगी।

      इसके अलावा जिला योजना एवं सांख्यिकी विभाग द्वारा सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि एवं विधायक निधि से संचालित विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। सांसद श्री साहू ने स्वीकृत कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा नियमित फॉलो अप लिए जाने पर बल दिया।

 

चर्चा के अन्य विषय - बैठक में सांसद श्री साहू के साथ ही अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा भी कई महत्वपूर्ण स्थानीय विषय भी उठाए गए। इनमें नगरपालिका परिषद चौरई की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान निकालने, बिछुआ एवं अमरवाड़ा में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना हेतु प्रस्ताव तैयार करने, वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की बंद एवं जलभराव वाली खदानों के पानी का उपयोग पेयजल, सिंचाई तथा मत्स्य पालन जैसे रोजगारपरक कार्यों में करने के सुझाव शामिल रहे। सांसद श्री साहू ने नगर निगम छिंदवाड़ा अंतर्गत आगामी दिवसों में पेयजल की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए डेड स्टोरेज से पानी निकालकर शहर में पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने नगर निगम में मकानों के नक्शे पास नहीं होने पर भी नाराजगी जाहिर करते हुये भोपाल से आये हुये आदेश का हवाला देकर नक्शे पास करने के निर्देश आयुक्त नगर निगम को दिये।

      साथ ही निर्माणाधीन नवीन जेल कॉम्प्लेक्स में जल निगम के माध्यम से पेयजल व्यवस्था विकसित करने तथा भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए छिंदवाड़ा शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए चंदनगांव से मानसरोवर तक नए फ्लाईओवर निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।  बैठक के अंत में सांसद श्री साहू ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ विकास कार्यों को गति देने तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ