जुन्नारदेव कोयलांचल का बढ़ा गौरव, लक्ष्य विश्वकर्मा एवं निशिकेत सल्लाम बने अधिकृत राज्य स्तरीय टेक्निकल ऑफिशियल रेफरीराज्य स्तरीय थांगता प्रतियोगिता के लिए अधिकृत रेफरी लक्ष्य विश्वकर्मा,निशिकेत सल्लाम


सच की आंखें जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश थांगता एसोसिएशन द्वारा भोपाल स्थित शारदा विहार आवासीय विद्यालय में 26 से 28 जून तक आयोजित राज्य स्तरीय टेक्निकल ऑफिशियल सेमिनार एवं वार्षिक बैठक में जिला थांगता स्पोर्ट्स एसोसिएशन, छिंदवाड़ा की ओर से अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं नेशनल रेफरी/स्कोरर योगेश रुखमांगद, सीनियर खिलाड़ी लक्ष्य विश्वकर्मा एवं सीनियर खिलाड़ी निशिकेत सल्लाम ने सहभागिता कर जुन्नारदेव कोयलांचल एवं जिले का गौरव बढ़ाया। सेमिनार के दौरान लक्ष्य विश्वकर्मा एवं निशिकेत सल्लाम ने राज्य स्तरीय टेक्निकल ऑफिशियल प्रशिक्षण एवं मूल्यांकन सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर अधिकृत राज्य स्तरीय टेक्निकल ऑफिशियल (रेफरी) का दर्जा प्राप्त किया। इस उपलब्धि पर मध्य प्रदेश थांगता एसोसिएशन द्वारा दोनों खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा अधिकृत टेक्निकल ऑफिशियल यूनिफॉर्म (शर्ट) भी भेंट की गई। राज्य स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में मध्य प्रदेश के लगभग 25 जिलों से 40 सचिव, कोच एवं वरिष्ठ खिलाड़ियों ने भाग लेकर खेल के नवीन तकनीकी नियमों, रेफरी, जजिंग एवं स्कोरिंग प्रणाली का प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रदेश में तकनीकी अधिकारियों की गुणवत्ता बढ़ाना, खिलाड़ियों की तकनीकी दक्षता विकसित करना तथा आगामी राष्ट्रीय, राज्य स्तरीय, एसजीएफआई, विश्वविद्यालय एवं खेलो इंडिया प्रतियोगिताओं के लिए उन्हें तैयार करना रहा। प्रशिक्षण एवं सेमिनार का आयोजन मध्य प्रदेश थांगता एसोसिएशन के सचिव श्री शिवेंद्र सिंह परमार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के सफल संचालन में भोपाल जिला सचिव श्री राजेंद्र कुमार पाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रशिक्षण प्रक्रिया में योगेश रुखमांगद एवं सत्यम गुर्जर ने तकनीकी सहयोग प्रदान करते हुए प्रतिभागियों को खेल के नवीन नियमों, रेफरी, जजिंग एवं स्कोरिंग प्रणाली का व्यावहारिक प्रशिक्षण देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिले के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जुन्नारदेव कोयलांचल एवं छिंदवाड़ा जिले के युवा खिलाड़ियों में नया उत्साह देखने को मिला है। खेल प्रेमियों का मानना है कि इस सफलता से भविष्य में जिले के अधिक खिलाड़ी थांगता खेल में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित करेंगे। राज्य स्तरीय टेक्निकल ऑफिशियल प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष अखिलेश शुक्ला, जिला थांगता स्पोर्ट्स एसोसिएशन छिंदवाड़ा के जिला उपाध्यक्ष मितेश जायसवाल, जिला क्रीड़ा अधिकारी (जनजातीय कार्य विभाग) अनुरोध शर्मा, आई मार्शल आर्ट्स स्पोर्ट्स अकादमी के अध्यक्ष एवं विद्या देवी शुक्ला महाविद्यालय के संचालक निलेश शुक्ला,अकादमी के उपाध्यक्ष, वरिष्ठ स्वयंसेवक एवं समाजसेवी नितिन राजोरिया तथा सौभाग्य फिटनेस के संचालक,अंतरराष्ट्रीय बॉडीबिल्डर एवं खिलाड़ी योगेश राठौर ने योगेश रुखमांगद,लक्ष्य विश्वकर्मा एवं निशिकेत सल्लाम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
 उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह उपलब्धि जिले के युवाओं को थांगता खेल से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगी तथा जुन्नारदेव कोयलांचल और छिंदवाड़ा जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक गौरवान्वित करेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ