सच की आंखें छिंदवाड़ा। शहर के परासिया रोड स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में शनिवार दोपहर लूट की कोशिश को स्थानीय लोगों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से विफल कर दिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बदमाश बैंक में लूट की नीयत से पहुंचे थे और दहशत फैलाने के लिए कथित रूप से रस्सी बम का इस्तेमाल किया। घटना के समय बैंक बंद था।
संदिग्ध गतिविधियां देख आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और साहस का परिचय देते हुए एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया।
आरोपी ने भागने की कोशिश के दौरान नुकीले हथियार से हमला कर दिया, जिसमें पुलिस टीम के सब इंस्पेक्टर नारायण बघेल के हाथ में चोट आई। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद आरोपी को कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि पूरी साजिश और उसके नेटवर्क का पता लगाया जा सके। वहीं फरार आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है और जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
0 टिप्पणियाँ