WCL तानसी माइंस में सुरक्षा जवानों पर हमला, सरकारी रायफल छीनने का प्रयास

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0


सच की आंखें दमुआ (छिंदवाड़ा)। वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) की तानसी माइंस में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एसआईएसएफ (SISF) जवानों पर अज्ञात बदमाशों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने सुरक्षा कर्मियों पर पथराव किया, धारदार हथियार से हमला करने का प्रयास किया तथा शासकीय सर्विस रायफल छीनने की भी कोशिश की।

जानकारी के अनुसार, 16 जून 2026 की रात लगभग 11:15 बजे एसआईएसएफ द्वितीय वाहिनी के प्रधान आरक्षक सतीश मरस्कोले एवं आरक्षक तीरथ बघेल तानसी माइंस क्षेत्र में नियमित सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान चार संदिग्ध व्यक्ति खदान क्षेत्र की ओर बढ़ते दिखाई दिए। सुरक्षा जवानों ने उन्हें रोककर पूछताछ करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान प्रधान आरक्षक सतीश मरस्कोले घायल हो गए।

घटना के दौरान एक आरोपी धारदार हथियार लेकर आरक्षक तीरथ बघेल की ओर बढ़ा। आत्मरक्षा तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जवान ने हवाई फायर किया। सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग दल मौके पर पहुंचा और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।

सुरक्षा कर्मियों के अनुसार, आरोपी लगातार पथराव करते रहे और शासकीय सर्विस रायफल छीनने का भी प्रयास किया। जवानों ने हथियार की सुरक्षा और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एक और हवाई फायर किया, जिसके बाद सभी आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी चोरी की नीयत से खदान क्षेत्र में घुसे थे, लेकिन सुरक्षा बलों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण वे अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके।

घटना के संबंध में दमुआ थाना में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मामले की विवेचना जारी है।
Tags:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default