सौसर गायत्री शक्तिपीठ में मौन साधना शिविर संपन्न, 100 से अधिक साधकों ने किया आध्यात्मिक साधना का अभ्यास
सौसर। गायत्री शक्तिपीठ, सौसर में मौन साधना शिविर का आयोजन श्रद्धा एवं आध्यात्मिक वातावरण में संपन्न हुआ। शिविर में सौसर तहसील एवं नगर से 100 से अधिक साधकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर मौन साधना का लाभ प्राप्त किया।
शिविर के दौरान साधकों को पंचकोशीय ध्यान, अनुलोम-विलोम, नाड़ी शोधन प्राणायाम, सोऽहम साधना, योगासन एवं विभिन्न प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षकों ने साधना के माध्यम से मानसिक शांति, आत्मबल और सकारात्मक जीवनशैली का महत्व बताते हुए नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में युवा प्रकोष्ठ छिंदवाड़ा के प्रमुख अटल जी के मार्गदर्शन में सम्मान गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें साधकों का उत्साहवर्धन करते हुए आध्यात्मिक जीवन में निरंतर सक्रिय रहने का संदेश दिया गया।शिविर का समापन गायत्री मंत्र एवं विश्व कल्याण की प्रार्थना के साथ हुआ। आयोजन की सफलता में गायत्री परिवार के कार्यकर्ताओं एवं सभी साधकों का विशेष सहयोग रहा।
