जुन्नारदेव पुलिस की बड़ी सफलता, 19 पेटी अवैध शराब जब्त
जुन्नारदेव पुलिस ने पकड़ी 19 पेटी अवैध शराब, आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
अवैध शराब पर कार्रवाई के बीच आबकारी विभाग की भूमिका पर प्रश्नचिह्न
मनेश साहु संपादक 9407073701
जुन्नारदेव, प्रतिनिधि। थाना जुन्नारदेव पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 19 पेटी देशी-विदेशी शराब, एक फोर्ड फिगो कार एवं दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त शराब की कुल मात्रा 161.52 लीटर तथा कीमत लगभग 1.45 लाख रुपये है, जबकि कार की कीमत करीब 4.50 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 42 के तहत प्रकरण दर्ज किया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं।पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे एवं एसडीओपी सोनम पाटिल के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक जगोतिन मसराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम हनोतिया मार्ग पर घेराबंदी कर लाल रंग की फोर्ड फिगो (MP-28-CA-7458) को रोका। तलाशी के दौरान कार से मैजिक मोमेंट, ऑफिसर चॉइस, इम्पीरियल ब्लू, रॉयल स्टैग सहित विभिन्न ब्रांडों की कुल 19 पेटी देशी एवं विदेशी शराब बरामद हुई।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किसना यादव उर्फ लकी (छिन्दी कामथ) एवं राहुल डेहरिया (दमुआ) के रूप में हुई है। पूछताछ में शराब उमरेठ से लाकर जुन्नारदेव ले जाने की जानकारी सामने आई। मामले में रंजीत सूर्यवंशी (परासिया) एवं दुर्गेश सूर्यवंशी (सेल्समैन, उमरेठ शराब दुकान) को भी आरोपी बनाया गया है। दोनों फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जगोतिन मसराम, उपनिरीक्षक मुकेश डोंगरे, आरक्षक नीलेश पाल, योगेश जांगले, संस्कार बघेल, महेश उइके एवं अनिल उइके की विशेष भूमिका रही।
आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
लगातार यह देखने में आ रहा है कि क्षेत्र में अवैध शराब की बड़ी खेपें जुन्नारदेव पुलिस द्वारा पकड़ी जा रही हैं, जबकि अवैध शराब की रोकथाम की जिम्मेदारी आबकारी विभाग की भी है। ऐसे में लोगों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि जब पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है, तो आबकारी विभाग की सक्रियता क्यों नजर नहीं आ रही। क्या विभाग की निगरानी पर्याप्त नहीं है, या फिर कहीं न कहीं लापरवाही बरती जा रही है? इस मामले में आबकारी विभाग का पक्ष सामने आना अभी बाकी है।
