तामिया में कथित झोलाछाप डॉक्टर के अस्पताल संचालन पर उठे सवाल, स्वास्थ्य विभाग ने जांच का दिया आश्वासन

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
तामिया में कथित झोलाछाप डॉक्टर के अस्पताल संचालन पर उठे सवाल, स्वास्थ्य विभाग ने जांच का दिया आश्वासन
तामिया में कथित झोलाछाप डॉक्टर के अस्पताल संचालन पर उठे सवाल, स्वास्थ्य विभाग ने जांच का दिया आश्वासन

सच की आंखें न्यूज़ तामिया (छिंदवाड़ा), प्रतिनिधि।
छिंदवाड़ा जिले में जहरीले कफ सिरप से बच्चों की मौत की घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। इसी बीच तामिया विकासखंड के बिजौरी क्षेत्र में एक कथित झोलाछाप (बंगाली) डॉक्टर द्वारा अस्पताल संचालित किए जाने का मामला सामने आया है।मीडिया टीम को मिली सूचना के आधार पर मौके पर पहुंचकर अस्पताल संचालन से संबंधित पंजीकरण, चिकित्सकीय योग्यता, अस्पताल की अनुमति एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी मांगी गई। मीडिया टीम के अनुसार, मौके पर संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए। हालांकि, इन तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि स्वास्थ्य विभाग की जांच के बाद ही हो सकेगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त स्थान पर विभिन्न प्रकार की बीमारियों का इलाज किया जाता है तथा मरीजों को दवाइयां भी दी जाती हैं। यदि जांच में यह पाया जाता है कि अस्पताल बिना वैध अनुमति या आवश्यक योग्यता के संचालित हो रहा था, तो यह गंभीर मामला हो सकता है।मीडिया टीम के अनुसार, बातचीत के दौरान संबंधित व्यक्ति ने दावा किया कि उनका "यूनियन है और ऊपर तक सेटअप है।" इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
इस संबंध में जब तामिया के खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) से चर्चा की गई तो उन्होंने कहा कि यदि ऐसा मामला सामने आया है तो इसकी जांच कराई जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व में भी इस प्रकार के मामलों में कार्रवाई की गई है और आवश्यकता पड़ने पर पुनः जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।ग्रामीण क्षेत्रों में बिना अनुमति चिकित्सा सेवाओं के संचालन की शिकायतें समय-समय पर सामने आती रही हैं। ऐसे में क्षेत्रवासियों ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि निजी क्लीनिकों एवं अस्पतालों की नियमित जांच कर यह सुनिश्चित किया जाए कि लोगों का उपचार केवल वैध एवं योग्य चिकित्सकों द्वारा ही किया जाए।
अब सभी की निगाहें स्वास्थ्य विभाग की जांच पर टिकी हैं। जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध क्या कार्रवाई होती है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default