सच की आंखें आठनेर पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन के कुशल मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री कमलेश खारपुसे के निर्देशन तथा एस.डी.ओ.पी. भैंसदेही श्री भूपेंद्र सिंह मौर्य के पर्यवेक्षण में थाना आठनेर पुलिस को सनसनीखेज अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने एवं तीन आरोपियों को मात्र 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।
🔹थाना आठनेर क्षेत्र अंतर्गत दिनांक 30.06.2026 को डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम मांडवी स्थित नदी पुल के नीचे एक अज्ञात वृद्ध का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही डायल-112 स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल को सुरक्षित किया तथा थाना प्रभारी आठनेर एवं वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया। थाना प्रभारी श्री नरेंद्र सिंह परिहार पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पहुंचे।
🔹मृतक की पहचान *बंसीलाल नागले निवासी ग्राम पांडुरन्ना* के रूप में हुई। मृतक के पुत्र *पंजाबराव नागले* की रिपोर्ट पर देहाती मर्ग इंटीमेशन एवं देहाती नालसी कायम कर शव को पोस्टमार्टम हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आठनेर भेजा गया।
🔹प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में एफएसएल टीम एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया तथा आवश्यक वैज्ञानिक एवं भौतिक साक्ष्य संकलित किए गए।
🔹विवेचना के दौरान घटनास्थल के समीप स्थित कन्या विद्यालय, मांडवी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का सूक्ष्म परीक्षण किया गया। फुटेज में *संदेही विनोद नागले एवं उसका चचेरा भाई रवि नागले* घटना के समय घटनास्थल की ओर जाते हुए दिखाई दिए। इसके आधार पर गठित पुलिस टीम ने दोनों संदिग्धों की तलाश कर उन्हें अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।
🔹 *हत्या का कारण*
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनकी बहन लंबे समय से बीमार चल रही थी और उपचार के बाद भी स्वास्थ्य में सुधार नहीं हो रहा था। इसी दौरान उन्होंने गांव के तांत्रिक क्रिया करने वाले रमेश उर्फ जंगली से इस संबंध में जानकारी ली। तांत्रिक रमेश उर्फ जंगली ने उन्हें बताया कि मृतक बंसीलाल नागले ने उनकी बहन पर जादू-टोना किया है, जिसके कारण वह लगातार बीमार रहती है।
आरोपियों ने तांत्रिक की इस बात को सत्य मान लिया और मृतक के प्रति रंजिश पाल ली। इसी अंधविश्वास एवं जादू-टोना करने के संदेह के चलते दोनों आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से बंसीलाल नागले की हत्या कर दी।
🔹पूछताछ में दोनों आरोपियों ने *अंधविश्वास और रंजिश के चलते दोनों ने मिलकर बंसीलाल नागले की हत्या करना स्वीकार किया*
🔹 आठनेर पुलिस ने हत्या में शामिल दोनों आरोपियों एवं तांत्रिक रमेश जंगली को गिरफ्तार कर लिया है एवं उनके विरुद्ध विधिसम्मत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
🔹पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन ने हत्या जैसे गंभीर प्रकरण का मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने पर थाना आठनेर पुलिस टीम की सराहना की है।
🔹 *महत्वपूर्ण भूमिका*
निरीक्षक नरेन्द्र सिंह परिहार थाना प्रभारी आठनेर, उपनिरीक्षक मांगीलाल ठाकरे,
उपनिरीक्षक सुभाष भलावी, सहायक उपनिरीक्षक राममूरत वर्मा, सहायक उपनिरीक्षक संतोष चौधरी प्रधान आरक्षक पंकज बटले, प्रधान आरक्षक सुभाष माकोड़े, आरक्षक मनीष पटेल, आरक्षक विवेक गाडगे, आर. पवन एनिया, आरक्षक बीरबल मीना, आरक्षक बिप्लव मिरासे,
आरक्षक दिनेश उईके, प्रवीण धुर्वे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
🔹*पुलिस अधीक्षक बैतूल की आमजन से अपील*
पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा है कि–
* जादू-टोना जैसी मान्यताओं का कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है।
* अंधविश्वास, अफवाह या संदेह के आधार पर किसी व्यक्ति के विरुद्ध हिंसा करना या उसकी जान लेना एक जघन्य एवं गंभीर अपराध है, जिसके लिए कानून में कठोर दंड का प्रावधान है।
* यदि किसी प्रकार की समस्या, विवाद या संदेह हो तो कानून को अपने हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें।
* बैतूल पुलिस आमजन से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने, अंधविश्वास से दूर रहने तथा किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील करती है।
प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
0 टिप्पणियाँ