कीचड़ में फंसा विकास: वार्ड 34 की सड़क बनी दलदल, स्कूली वाहन तक फंसे

कीचड़ में फंसा विकास: वार्ड 34 की सड़क बनी दलदल, स्कूली वाहन तक फंसे
छिंदवाड़ा। शहर के चंदनगांव स्थित वार्ड क्रमांक 34 के तुलसी नगर में पहली ही बारिश ने विकास के दावों की पोल खोल दी है। क्षेत्र की मुख्य सड़क पूरी तरह कीचड़ और दलदल में तब्दील हो गई है, जिससे स्थानीय नागरिकों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

फोटो में साफ दिखाई दे रहा है कि कीचड़ से भरे मार्ग पर एक स्कूल वैन बीच सड़क में फंसी हुई है, जबकि अन्य वाहन भी मुश्किल से निकल पा रहे हैं। सड़क पर जलभराव और फिसलन के कारण आवागमन जोखिम भरा हो गया है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि करीब 15 वर्षों से पक्की सड़क की मांग की जा रही है, लेकिन आज तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। बरसात के दिनों में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। स्कूल वाहन मोहल्ले के अंदर तक नहीं पहुंच पा रहे, जिससे बच्चों को कीचड़ भरे रास्ते से पैदल स्कूल जाना पड़ रहा है।

नागरिकों का कहना है कि सड़क पर जमा पानी और कीचड़ से मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है। लोगों ने नगर निगम से तत्काल सड़क निर्माण, जल निकासी की व्यवस्था और नियमित सफाई व फॉगिंग कराने की मांग की है।

हालांकि, इस संबंध में नगर निगम एवं संबंधित जनप्रतिनिधियों का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका। पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ