8 सरकारी शिक्षक, फिर भी 22 में सिर्फ 2 छात्र पास! आदिवासी अंचल की शिक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0


सच की आँखे छिंदवाड़ा। जिले के तामिया विकासखंड अंतर्गत स्थित एकीकृत शासकीय विद्यालय खिरेटी माल का कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। जानकारी के अनुसार, इस वर्ष विद्यालय के 22 विद्यार्थियों ने दसवीं बोर्ड परीक्षा दी, जिनमें से केवल 2 विद्यार्थी ही नियमित रूप से उत्तीर्ण हो सके। वहीं 4 विद्यार्थियों ने पूरक (सप्लीमेंट्री) परीक्षा के बाद सफलता प्राप्त की, जबकि शेष छात्र असफल रहे।

हैरानी की बात यह है कि विद्यालय में 8 स्थायी (परमानेंट) सरकारी शिक्षक पदस्थ हैं। इसके बावजूद परीक्षा परिणाम बेहद खराब रहा, जिससे विद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता और शिक्षण व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्याप्त शिक्षकीय स्टाफ होने के बावजूद आदिवासी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं मिल पा रही है, जिससे उनके भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इतने खराब परीक्षा परिणाम के बावजूद शिक्षा विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। उनका कहना है कि विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) तामिया और जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) छिंदवाड़ा को विद्यालय की शैक्षणिक स्थिति की जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने चाहिए।

ग्रामीणों ने मांग की है कि विद्यालय के खराब परीक्षा परिणाम के कारणों की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाए तथा आदिवासी अंचल के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए ठोस प्रयास किए जाएं।

हालांकि, इस संबंध में विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षा विभाग का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default