सच की आँखे छिंदवाड़ा। जिले में अवैध मदिरा के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 80 लीटर महुआ निर्मित कच्ची शराब एवं 15,000 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद कर नष्ट किया गया। साथ ही 5 अवैध भट्टियों को भी ध्वस्त किया गया।
यह कार्रवाई कलेक्टर हरेंद्र नारायन के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त बी.आर. वैद्य के मार्गदर्शन में आबकारी वृत्त छिंदवाड़ा क्रमांक-01 एवं 02 की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम मेढ़कीताल, गंगई, रोहाना खुर्द और सोमाढाना के नदी-नालों एवं जंगल क्षेत्रों में की गई।
आबकारी विभाग के अनुसार कार्रवाई के दौरान 5 चढ़ी हुई भट्टियां, 80 लीटर कच्ची महुआ शराब तथा 15 हजार किलोग्राम महुआ लाहन बरामद हुआ, जिसे मौके पर ही विधिवत नष्ट कर दिया गया। मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 (संशोधित 2000) की धारा 34(1)(च) के तहत 6 प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी जी.एल. मरावी, आबकारी उपनिरीक्षक एवं वृत्त प्रभारी नरेंद्र नागेश, मुख्य आरक्षक लक्ष्मीचंद, आरक्षक राजकुमार सैयाम तथा सोनाली बरकड़े सहित विभागीय अमला शामिल रहा।
