सच की आँखे छिंदवाड़ा। जिला कांग्रेस कमेटी ने भाजपा नेताओं पर कथित गुंडागर्दी, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक के नाम देहात थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने आरोपित भाजपा नेताओं के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है।
ज्ञापन में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि 15 जुलाई 2026 की रात करीब 10:30 बजे भाजपा नेता आतिश ठाकरे एवं धीरज राऊत कथित रूप से कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग के जिला अध्यक्ष धीरज सूर्यवंशी के निवास पहुंचे। उस समय धीरज सूर्यवंशी घर पर नहीं थे। आरोप है कि दोनों नेताओं ने उनके बुजुर्ग माता-पिता के साथ अभद्र व्यवहार किया तथा जान से मारने की धमकी दी। कांग्रेस का यह भी दावा है कि धीरज सूर्यवंशी को फोन पर भी अपशब्द कहे गए और राजनीतिक द्वेषवश झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी दी गई। घटना का वीडियो भी पुलिस को सौंपे जाने की बात कही गई है।
कांग्रेस ने ज्ञापन में कहा कि जनहित के मुद्दों को सोशल मीडिया पर उठाने से रोकने का प्रयास किया जा रहा है, जो अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का उल्लंघन है। पार्टी ने रात्रिकाल में बिना अनुमति किसी के घर पहुंचकर धमकी देने की घटना को गंभीर बताते हुए आरोपितों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे, शहर कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनू मागो, रामता प्रसाद सूर्यवंशी सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
(नोट: यह समाचार कांग्रेस द्वारा पुलिस को सौंपे गए ज्ञापन और लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले में भाजपा पक्ष और पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त होने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।)
