बालाघाट। बालाघाट रेलवे स्टेशन के नवीनीकरण एवं लोकार्पण समारोह के दौरान ब्रॉडगेज रेल संघर्ष समिति ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर जोरदार उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर बालाघाट विधायक श्रीमती अनुभा मुंजारे और ब्रॉडगेज रेल संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनूप सिंह बैस के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बिलासपुर से आए रेलवे अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बालाघाट-गोंदिया-जबलपुर रेल मार्ग पर ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी पर नाराजगी जताते हुए कहा गया कि यात्री ट्रेनों को लंबे समय तक रोककर मालगाड़ियों को प्राथमिकता दी जाती है, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
समिति ने बालाघाट से भोपाल और इंदौर के लिए सीधी रेल सेवा शीघ्र प्रारंभ करने की मांग दोहराते हुए बताया कि इन ट्रेनों का प्रस्ताव भेजे हुए एक वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
ज्ञापन में बालाघाट रेल मार्ग के दोहरीकरण (डबल रेल लाइन) की घोषणा के बावजूद कार्य शुरू नहीं होने पर भी सवाल उठाए गए। समिति का कहना है कि न तो भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हुई है और न ही निर्माण कार्य के लिए कोई निविदा जारी की गई है।इसके अलावा जिन किसानों की भूमि रेलवे परियोजना के लिए अधिग्रहित की गई है, उनके प्रकरण लंबित होने तथा भूमि के बदले नौकरी देने की व्यवस्था समाप्त किए जाने पर भी चिंता व्यक्त करते हुए इस प्रावधान को पुनः लागू करने की मांग की गई।ज्ञापन सौंपने के दौरान महेंद्र पचौरी, सूरज वादगुनेर, डॉ. अमर बिसेन, राजा नागपुरे, निखिल गौतम, अजय बिसेन सहित ब्रॉडगेज रेल संघर्ष समिति के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
