भोपाल।
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 20 जुलाई 2026 को ओबीसी महासभा के आह्वान पर विधानसभा घेराव का आयोजन किया जाएगा। आंदोलन में पिछड़ा वर्ग को उसकी जनसंख्या के अनुपात में 55 प्रतिशत अधिकार एवं हिस्सेदारी, जातिगत जनगणना कराने तथा ओबीसी आरक्षण से जुड़े लंबित मुद्दों के समाधान की प्रमुख मांगें उठाई जाएंगी।
इस आंदोलन को अखिल भारतीय तेली महासभा, मध्यप्रदेश ने पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की है। महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम अस्तोलिया (साहू) के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता 20 जुलाई को भोपाल पहुंचकर विधानसभा घेराव में सहभागी होंगे।
आयोजकों के अनुसार, प्रदेशभर से ओबीसी समाज के हजारों लोगों के इस आंदोलन में शामिल होने की संभावना है। आंदोलन का उद्देश्य ओबीसी समाज को उसकी जनसंख्या के अनुपात में उचित अधिकार एवं प्रतिनिधित्व दिलाने की मांग को मजबूती से उठाना है। इसके साथ ही जातिगत जनगणना शीघ्र कराने, ओबीसी आरक्षण से जुड़े लंबित मामलों का समाधान करने तथा सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने की मांग भी प्रमुख रूप से रखी जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम अस्तोलिया (साहू) ने कहा कि ओबीसी समाज लंबे समय से अपने संवैधानिक अधिकारों और उचित प्रतिनिधित्व की मांग कर रहा है। लोकतांत्रिक तरीके से विधानसभा घेराव के माध्यम से सरकार का ध्यान इन महत्वपूर्ण मुद्दों की ओर आकर्षित किया जाएगा।
उन्होंने प्रदेश के समस्त ओबीसी समाज, तेली समाज एवं सभी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में भोपाल पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।
संपर्क: 7773052701
