सच की आँखे छिंदवाड़ा, 24 जुलाई। जिले की उमरानाला चौकी पुलिस ने चोरी के तीन मामलों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, एक्टिवा स्कूटी, मोबाइल फोन सहित करीब 1.50 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामेश्वर प्रसाद चौबे एवं थाना प्रभारी मोहखेड़ निरीक्षक विजयराव माहोरे के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई को उमरानाला चौकी में अरविंद टेकले और विवेक लोखंडे की शिकायत पर चोरी के दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए थे। पूछताछ के दौरान आरोपियों अमोल धुर्वे, विजय मरकाम और विनोद धौलपुरी ने उमरानाला क्षेत्र की दोनों चोरियों के साथ-साथ महाराष्ट्र के नागपुर जिले के कलमना थाना क्षेत्र से एक एक्टिवा स्कूटी चोरी करना भी स्वीकार किया। संबंधित वाहन चोरी का मामला थाना कलमना में अपराध क्रमांक 636/26 के तहत दर्ज है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक डिस्कवर मोटरसाइकिल, एक्टिवा स्कूटी, रेडमी मोबाइल फोन, ताला तोड़ने में प्रयुक्त हथौड़ी व लोहे की रॉड, दो इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे तथा 700 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद संपत्ति का कुल मूल्य लगभग 1.50 लाख रुपये बताया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने इस सफलता का श्रेय चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश साहू, सहायक उपनिरीक्षक संतोष बघेल तथा प्रधान आरक्षक श्याम ठाकरे सहित पूरी टीम की सक्रिय कार्रवाई को दिया है।
