जुन्नारदेव ------ जुन्नारदेव थाना क्षेत्र में रेत माफिया के हौसले बुलंद हैं। तहसीलदार और एसडीएम के निर्देश पर अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर थाने में सुपुर्द करके लौट रहे राजस्व निरीक्षक (आर आई) राहुल कबेरिया के साथ बीच सड़क पर मारपीट और अभद्रता करने का मामला सामने आया है।
जुन्नारदेव पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार 26 जुलाई 2026 को सुबह करीब 10:15 बजे राजस्व निरीक्षक राहुल कबेरिया ने अधिकारियों के मार्गदर्शन में रेत कारोबारी हिमांशु तांडेकर की रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर जुन्नारदेव थाने में खड़ी कराई थी। इसके बाद दोपहर करीब 12:30 बजे जब राजस्व निरीक्षक नंदलाल स्कूल के पास फ्लाईओवर ब्रिज और नगर पालिका टंकी के पास से गुजर रहे थे, तभी रेत कारोबारी हिमांशु तांडेकर और उसके भाई हरीश तांडेकर ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने राजस्व निरीक्षक को बीच सड़क पर रोककर चांटा मारा और धमकी दी कि देखते हैं तू कैसे नौकरी कर पाएगा। यह पूरी घटना प्रत्यक्षदर्शी विजय धुर्वे और विनोद कोटवार के सामने घटी। पीड़ित राजस्व निरीक्षक की शिकायत पर जुन्नारदेव पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 290/2026 बीएनएस की धारा 115(2) स्वेच्छा से चोट पहुंचाना
धारा 126(2) गलत तरीके से रोकना, धारा 351(2) आपराधिक धमकी देना, धारा 3(5) सामान्य आशय से मिलकर अपराध करना के तहत मामला दर्ज किया है।
राजस्व अमला पहुंचा जुन्नारदेव थाने ----- विवाद के बाद राजस्व अमला जुन्नारदेव थाने पहुंचा जहां पर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग पुलिस प्रशासन से की गई इस दौरान तहसीलदार पटवारी कोटवार सहित बड़ी संख्या में राजस्व के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
आरोपियों ने थाना परिसर में मारपीट का लगाया आरोप ---- आरोपियों द्वारा थाना परिसर के अंदर आर आई द्वारा दोनों आरोपियों के साथ मारपीट किए जाने के आरोप लगाए हैं। आरोपियों का कहना है थाना परिसर पहुंचे तब आर आई राहुल कावरिया द्वारा उनके साथ थाना परिसर के अंदर ही मारपीट की गई है उन्होंने आर आई पर कार्यवाही हेतु थाने में आवेदन भी दिया है।मामले की जांच उ.नि. मनोज चौधरी द्वारा की जा रही है।
