सच की आँखे उमरेठ। उमरेठ ब्लॉक के अंतर्गत आने वाली मंडलम क्षेत्रीय कांग्रेस कमेटी मोठार के ग्राम गायगोहान में विकास कार्यों की नई सौगात मिली है। क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक श्री सोहन बाल्मीक के मुख्य आतिथ्य में बाउंड्रीवॉल निर्माण कार्य का विधि-विधान से भूमिपूजन किया गया। इसके साथ ही ग्रामीणों की सुविधा के लिए नवनिर्मित शासकीय उचित मूल्य (राशन) की दुकान का भव्य लोकार्पण भी विधायक के कर-कमलों द्वारा संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक सोहन बाल्मीक ने कहा कि क्षेत्र का चहुंमुखी विकास और आम जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उचित मूल्य दुकान खुलने से अब स्थानीय निवासियों को राशन के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने कांग्रेस सरकार और संगठन की जनहितैषी नीतियों को रेखांकित करते हुए भविष्य में भी ऐसे विकास कार्यों को जारी रखने का संकल्प दोहराया।
इस गरिमामयी समारोह में मंडलम क्षेत्रीय कांग्रेस कमेटी मोठार के अध्यक्ष, सभी वरिष्ठ पदाधिकारी, ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। विकास कार्यों की इस दोहरी सौगात से पूरे गायगोहान और मोठार क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी हर्ष और उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
