सच की आँखे इंदौर। समाज में जागरूकता, समानता, आत्मनिर्भरता और सकारात्मक परिवर्तन के उद्देश्य से 26 जुलाई (रविवार) को इंदौर (मध्यप्रदेश) में तृतीय सामाजिक चिंतन शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह केवल एक औपचारिक बैठक नहीं, बल्कि समाज के वर्तमान और भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर खुला संवाद, मंथन और समाधान खोजने का एक सशक्त प्रयास है। सामाजिक चिंतन शिविर की अवधारणा उस समय विकसित हुई, जब अखिल भारतीय तेली महासभा, भोपाल के वार्षिक अधिवेशन में विभिन्न सामाजिक संगठनों को एक मंच पर लाकर समाजहित के विषयों पर खुली चर्चा का विचार सामने आया। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं और समाज चिंतकों ने समाज सुधार के लिए संवाद की एक नई परंपरा प्रारंभ की। प्रथम चिंतन शिविर 9 नवंबर को नरयावली (जिला सागर) में तथा द्वितीय चिंतन शिविर दतिया में आयोजित हुआ। इन आयोजनों ने यह संदेश दिया कि समाज में परिवर्तन केवल भाषणों से नहीं, बल्कि खुले संवाद, सामूहिक चिंतन और साझा संकल्प से संभव है। इन शिविरों की सबसे बड़ी विशेषता रही कि यहाँ न कोई मंच, न माला, न सम्मान, न व्यक्तिपूजा-सिर्फ विचारों का सम्मान और समाजहित सर्वोपरि रहा। अब समाज की निगाहें इंदौर में आयोजित होने वाले तृतीय सामाजिक चिंतन शिविर पर हैं। समाज के प्रबुद्धजन अपेक्षा कर रहे हैं कि यह शिविर केवल चर्चा तक सीमित न रहे, बल्कि ऐसे ठोस सुझाव और कार्ययोजनाएँ सामने आएँ, जो समाज के प्रत्येक वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकें। चिंतन शिविर में जिन प्रमुख विषयों पर गंभीर चर्चा अपेक्षित है, उनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं- *सामाजिक उत्पीड़न के मामलों में त्वरित सहायता एवं न्याय व्यवस्था। *विधवा एवं निराश्रित महिलाओं को स्वरोजगार, प्रशिक्षण और आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोड़ने की योजना। *दिव्यांगजनों को शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की पहल। *महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक नेतृत्व में महिलाओं की प्रभावी भागीदारी। *आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति, मार्गदर्शन और शिक्षा सहयोग। *युवाओं के लिए रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास और डिजिटल शिक्षा। *समाज की हेल्पलाइन, कानूनी सहायता, आपदा राहत एवं सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था। *नशामुक्ति, सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन और पारिवारिक मूल्यों के संरक्षण पर अभियान। *समाज के सभी संगठनों के बीच समन्वय एवं संयुक्त सेवा कार्यों की रूपरेखा। *समाज के लिए समयबद्ध, पारदर्शी और दीर्घकालिक कार्ययोजना का निर्माण। समाजहित में सभी से एक विनम्र आग्रह है कि, यदि चिंतन केवल विचारों तक सीमित रह जाए तो उसका प्रभाव क्षणिक होता है, लेकिन यदि उन्हीं विचारों से कार्ययोजना बने और उस पर सामूहिक रूप से अमल हो, तो वही समाज परिवर्तन का आधार बनती है। समाज का बहुमूल्य समय केवल औपचारिक चर्चा में नहीं, बल्कि ठोस निर्णय, स्पष्ट संकल्प और क्रियान्वयन की दिशा तय करने में लगना चाहिए। यही इस चिंतन शिविर की वास्तविक सफलता होगी। आइए, हम ऐसा चिंतन करें कि, *जो समाज की पीड़ा को समझे। *जो वंचित, विधवा, दिव्यांग, युवा और महिलाओं के जीवन में आशा का संचार करे। *जो समाज को केवल संगठित ही नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर, शिक्षित और संवेदनशील भी बनाए। *जो आने वाली पीढ़ियों के लिए एक नई कार्यसंस्कृति और सेवा की परंपरा स्थापित करे। चिंतन तभी सार्थक है, जब वह समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बने।है यही तृतीय सामाजिक चिंतन शिविर का उद्देश्य और सफलता का वास्तविक मापदंड होना चाहिए।
अब केवल चर्चा नहीं, समाधान की राह तलाशेगा तृतीय सामाजिक चिंतन शिविर
By -
जुलाई 24, 2026
0
Tags:
