नवगठित छात्र परिषद के विद्यार्थियों को सौंपे गए पद एवं दायित्व
छिंदवाड़ा। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1 छिंदवाड़ा में दोनों पालियों के नवगठित छात्र परिषद के लिए गत दिवस गरिमामय अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में सत्र 2026-27 के लिए चयनित छात्र-छात्राओं को विभिन्न पदों पर नियुक्त करते हुए उनके दायित्व एवं जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्राचार्य श्री हरि प्रसाद धारकर ने चयनित विद्यार्थियों को बैज पहनाए, शैश धारण कराए तथा विद्यालय का आधिकारिक ध्वज सौंपकर उन्हें विधिवत रूप से उनके पदों की जिम्मेदारी प्रदान की।
प्रथम पाली से कक्षा 12वीं कॉमर्स की निधि पवार एवं साइंस के अनुराग पवार, जबकि द्वितीय पाली से कक्षा 10वीं की गार्गी चड्ढा एवं अथर्व त्रिपाठी को स्कूल कैप्टन चुना गया। वहीं प्रथम पाली से नैंसी कुमरे एवं अनुज पहाड़े तथा द्वितीय पाली से निहालिका डोहले एवं जीत भारती को स्पोर्ट्स कैप्टन की जिम्मेदारी दी गई।
इसी प्रकार प्रथम पाली से देवांशी महोबिया एवं आरव सूर्यवंशी, जबकि द्वितीय पाली से अशिता साहू एवं काविश पवार को वाइस कैप्टन चुना गया। विद्यालय के चारों सदनों शिवाजी, अशोका, रमन एवं टैगोर के लिए भी सदन कैप्टन, वाइस कैप्टन, स्पोर्ट्स कैप्टन सहित विभिन्न पदों पर प्रतिभावान विद्यार्थियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
पद सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी : प्राचार्य
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्राचार्य श्री हरि प्रसाद धारकर ने कहा कि छात्र परिषद के पद केवल सम्मान का प्रतीक नहीं, बल्कि कर्तव्य, अनुशासन और निष्ठा की जिम्मेदारी भी हैं। उन्होंने नवनियुक्त छात्र प्रतिनिधियों से अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करने, पद की गरिमा एवं प्रतिष्ठा बनाए रखने, कनिष्ठ विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने तथा शिक्षकों का सदैव सम्मान करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य श्री धारकर ने सभी नवनियुक्त छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षकों सहित श्रीमती पुष्पा नायडू, श्री रामकृपाल जंघेला, श्रीमती पूजा उपाध्याय एवं श्रीमती डेनिसा ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
