जर्जर 11 केवी पोल से मंडरा रहा खतरा, शिकायतों के बावजूद विद्युत विभाग बेखबर रहवासी मकान से सटकर लगा है हाईटेंशन लाइन का जर्जर पोल, हादसे की आशंका

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
जर्जर 11 केवी पोल से मंडरा रहा खतरा, शिकायतों के बावजूद विद्युत विभाग बेखबर रहवासी मकान से सटकर लगा है हाईटेंशन लाइन का जर्जर पोल, हादसे की आशंका

 सिंगोड़ी। सिंगोड़ी में विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। वार्ड क्रमांक 16 में रहवासी मकान से सटकर लगा 11 केवी हाईटेंशन विद्युत लाइन का जर्जर पोल हादसे को न्योता दे रहा है। स्थानीय निवासी का कहना है कि पोल की स्थिति लंबे समय से खराब है और तेज हवा या बारिश के दौरान इसके गिरने की आशंका बनी रहती है।

जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 16 निवासी प्रीतम कुशवाहा, पिता स्वर्गीय जगदीश कुशवाहा, पटवारी हल्का नंबर 32, खसरा नंबर 116/3/2, रकबा 0.497 हेक्टेयर स्थित भूमि पर बने पक्के मकान में अपने परिवार के साथ निवास करते हैं। मकान के बिल्कुल समीप 11 केवी विद्युत लाइन का पोल लगा हुआ है, जो पिछले कई महीनों से जर्जर अवस्था में बताया जा रहा है।

कई बार शिकायत के बावजूद नहीं हुआ समाधान

प्रीतम कुशवाहा के अनुसार उन्होंने जर्जर पोल को हटाकर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए विद्युत विभाग सिंगोड़ी के जिम्मेदार अधिकारियों को कई बार मौखिक एवं लिखित रूप से शिकायत की है। इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

परिवार का कहना है कि मकान के पास हाईटेंशन लाइन का जर्जर पोल होने के कारण उन्हें हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। विशेष रूप से तेज हवा, बारिश अथवा अन्य प्राकृतिक परिस्थितियों में पोल के गिरने से जान-माल के नुकसान की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

बड़े हादसे से पहले कार्रवाई की मांग

पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन एवं विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले का तत्काल निरीक्षण कराने तथा सुरक्षा की दृष्टि से जर्जर पोल को हटाकर सुरक्षित स्थान पर नया पोल स्थापित करने की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्युत विभाग को किसी संभावित दुर्घटना का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए। अब देखना यह है कि विभाग इस शिकायत पर कब तक कार्रवाई करता है और जर्जर पोल को सुरक्षित कर संभावित हादसे को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default