संत रविदास जी की 650वीं जयंती पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजितकलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारंभ, संत रविदास जी के विचारों को आत्मसात करने का किया आह्वान

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
संत रविदास जी की 650वीं जयंती पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित
कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया शुभारंभ, संत रविदास जी के विचारों को आत्मसात करने का किया आह्वान

पांढुर्णा, 20 अगस्त 2026। संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर संत रविदास भवन में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर संत रविदास समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों ने कलेक्टर का आत्मीय स्वागत किया। समिति की ओर से पुलिस अधीक्षक प्रकाश चंद्र परिहार का भी स्वागत किया गया।

दीप प्रज्ज्वलन के बाद संत रविदास महाराज की आरती की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ ने संत रविदास जी के जीवन, विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश पर प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने समाज को समानता, मानवता, सद्भाव और सेवा का मार्ग दिखाया। उनके विचार आज भी समाज को एकता और समरसता की प्रेरणा देते हैं। संत रविदास जी के जीवन और संदेश से प्रेरणा लेकर हमें समाज में आपसी भाईचारा, सद्भाव और समानता की भावना को मजबूत करने का प्रयास करना चाहिए।

कलेक्टर ने संत रविदास जी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके संदेश व्यक्ति को बाहरी आडंबर के बजाय मन की शुद्धता, सद्विचार और अच्छे आचरण को महत्व देने की प्रेरणा देते हैं।

निकाली गई कलश यात्रा

कार्यक्रम के उपरांत संत रविदास जी की स्मृति एवं उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कलश यात्रा निकाली गई। पूर्व शिक्षा मंत्री नाना भाऊ मोहोड़ एवं समिति के अध्यक्ष ने हरी झंडी दिखाकर कलश यात्रा को रवाना किया।

कलश यात्रा संत रविदास भवन से प्रारंभ होकर तीन शेर चौक, बस स्टैंड चौक सहित नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं चौराहों से होते हुए पुनः संत रविदास भवन पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं एवं समाजजनों में उत्साह और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम में संत रविदास समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default