डेंगू रोकथाम के लिए छिंदवाड़ा में चला “जीरो लार्वा” अभियान 165 पानी के कंटेनरों की जांच, 25 में मिले लार्वा का किया नष्ट

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
डेंगू रोकथाम के लिए छिंदवाड़ा में चला “जीरो लार्वा” अभियान 165 पानी के कंटेनरों की जांच, 25 में मिले लार्वा का किया नष्ट

छिंदवाड़ा, 17 अगस्त। डेंगू की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा शहरी क्षेत्र छिंदवाड़ा में “जीरो लार्वा अभियान” चलाया जा रहा है। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने विभिन्न शासकीय कार्यालयों एवं संस्थानों में एडीज मच्छर के लार्वा की जांच की।

अभियान के दौरान 8 शासकीय कार्यालयों एवं संस्थानों में कूलर, फ्रिज, टंकियों, फाउंटेन, अनुपयोगी बर्तनों और टायरों सहित 165 पानी के कंटेनरों की जांच की गई। इनमें 25 कंटेनरों में एडीज मच्छर के लार्वा पाए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट किया गया। सर्वे एनसीसी कार्यालय, पीडब्ल्यूडी, डब्ल्यूसीएल, डीआईजी कार्यालय, पुरुष एवं महिला आईटीआई तथा सेल टैक्स कार्यालय सहित अन्य परिसरों में किया गया।

इसी दौरान कन्या शिक्षा परिसर के आवासीय शबरी आश्रम में 102 छात्राओं की मलेरिया जांच की गई, जिसमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार हर्रई एवं तामिया विकासखंड के मलेरिया हाई रिस्क वाले 41 ग्रामों में घरों के अंदर कीटनाशक छिड़काव जारी है। कई गांवों में छिड़काव पूरा हो चुका है, जबकि आगामी दिनों में अन्य चिन्हित गांवों में भी अभियान चलाया जाएगा। विभाग ने ग्रामीणों से छिड़काव दल का सहयोग करने की अपील की है।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी शासकीय एवं निजी संस्थानों से अपील की है कि कार्यालय परिसर में रखे पानी के कंटेनर, कूलर, टंकियां, टायर आदि की हर सप्ताह जांच करें और पानी जमा न होने दें। बड़े कंटेनरों की नियमित सफाई एवं ढंकने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि तेज बुखार, आंखों के पीछे दर्द, शरीर पर चकत्ते, मांसपेशियों एवं जोड़ों में दर्द या रक्तस्राव जैसे लक्षण होने पर तत्काल चिकित्सक से संपर्क करें। जिला चिकित्सालय एवं छिंदवाड़ा मेडिकल कॉलेज में डेंगू का एलिसा टेस्ट निःशुल्क किया जाता है।
Tags:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default