भोपाल/छिंदवाड़ा, 17 अगस्त। पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए पिछड़ा वर्ग विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना के तहत 9 मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए 4 करोड़ 59 लाख 284 रुपये की राशि जारी की है।
इस योजना के माध्यम से चयनित विद्यार्थी ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन और संयुक्त राज्य अमेरिका के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की पढ़ाई कर रहे हैं। विद्यार्थियों को शिक्षण शुल्क, आवास एवं परिवहन भत्ते सहित आवश्यक खर्चों के लिए राज्य शासन द्वारा वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई गई है।
आयुक्त डॉ. सतेन्द्र सिंह ने बताया कि राज्यमंत्री श्रीमती कृष्णा गौर के मार्गदर्शन में विभाग पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास और उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि योजना का पूरा आर्थिक भार राज्य शासन द्वारा वहन किया जाता है, जिससे प्रतिभावान विद्यार्थियों को विदेशों के प्रतिष्ठित संस्थानों में अध्ययन का अवसर मिल सके।
सरकार की इस पहल से विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा प्राप्त करने के साथ अपने कौशल और प्रतिभा को वैश्विक मंच पर विकसित करने का अवसर मिलेगा। विभाग ने इसे पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के शैक्षणिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
