ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में स्थानीय निकायों की भूमिका पर दक्षता संवर्धन कार्यक्रम आयोजितठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रभावी अनुपालन एवं नगरीय निकायों की क्षमता संवर्धन पर हुई विस्तृत चर्चा

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0

छिंदवाड़ा। अंतरराष्ट्रीय अपशिष्ट प्रबंधन संस्थान एवं मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, छिंदवाड़ा के संयुक्त तत्वावधान में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं नगरीय निकायों की क्षमता संवर्धन हेतु दक्षता संवर्धन कार्यक्रम का आयोजन मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के छिंदवाड़ा कार्यालय में किया गया। कार्यक्रम में जिले के नगरीय निकायों, जिला प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों, स्वच्छता प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों एवं अन्य हितधारकों ने सहभागिता की।

वंदे मातरम् के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् के साथ किया गया। इसके पश्चात “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण एवं दीप प्रज्वलन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायण जी द्वारा पौधारोपण किया गया। इसके बाद कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी श्री एम.पी. मिश्रा द्वारा किया गया।

ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 एवं सर्वोच्च न्यायालय/SCMC के निर्देशों पर प्रस्तुति

कार्यक्रम के दौरान नगर निगम PIU श्री आदित्य वर्मा द्वारा “ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के अनुपालन तथा माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं SCMC द्वारा जारी निर्देशों के पालन” विषय पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई।

प्रस्तुति में ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक एवं प्रभावी प्रबंधन, स्रोत पर कचरा पृथक्करण, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, प्रसंस्करण एवं वैज्ञानिक निपटान, बल्क वेस्ट जनरेटर की पहचान एवं उनके दायित्व, नगरीय निकायों की जिम्मेदारियां तथा नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक संस्थागत व्यवस्थाओं पर विस्तार से जानकारी दी गई।

इसके साथ ही स्थानीय निकायों द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने, नियमित मॉनिटरिंग करने तथा पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई।

स्थानीय निकायों की भूमिका एवं चुनौतियों पर चर्चा

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायण जी एवं नगर पालिक निगम के आयुक्त श्री सी.पी. राय जी ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में स्थानीय निकायों की भूमिका, वर्तमान चुनौतियों एवं प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए।

वरिष्ठ पर्यावरण विशेषज्ञ एवं वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग, नई दिल्ली के तकनीकी सदस्य तथा मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष डॉ. एन.पी. शुक्ला द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के बदलते परिदृश्य एवं नए नियमों की आवश्यकता पर प्रकाश डाला गया।

वक्ताओं द्वारा बताया गया कि कार्यक्रम का उद्देश्य नगरीय निकायों, जिला प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों, स्वच्छता प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों एवं अन्य हितधारकों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन, वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन, संसाधन पुनर्प्राप्ति एवं पर्यावरण संरक्षण के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराना है।

तकनीकी सत्र एवं विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन

कार्यक्रम के द्वितीय चरण में आयोजित तकनीकी सत्र में इस्तियाज अली, परियोजना निदेशक एवं सार्थक संस्थान द्वारा समुदाय आधारित अपशिष्ट प्रबंधन, जनभागीदारी एवं व्यवहार परिवर्तन के महत्व पर प्रस्तुति दी गई। प्रतिभागियों को स्थानीय स्तर पर जनभागीदारी बढ़ाने एवं नागरिकों में कचरा पृथक्करण तथा स्वच्छता संबंधी व्यवहार को प्रोत्साहित करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।

इसके पश्चात प्रतिभागियों के साथ विस्तृत चर्चा एवं फीडबैक सत्र आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय निकायों के अधिकारियों द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित व्यवहारिक चुनौतियों एवं उनके समाधान पर विचार-विमर्श किया गया।

प्रमाण-पत्र वितरण एवं संकल्प

कार्यक्रम के सफल समापन अवसर पर प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं प्रतिभागियों द्वारा स्वच्छ, सतत एवं पर्यावरण-अनुकूल शहरी विकास के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रभावी अनुपालन एवं वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से जिले के नगरीय निकायों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में अपनी भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने, नियमों एवं निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने तथा जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छ एवं सतत शहरों के निर्माण की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।

Tags:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default