सिंहस्थ से पहले विकास कार्यों से उज्जैन का बदलेगा स्वरूप, सभी वर्गों की सहभागिता से होगा ऐतिहासिक आयोजन
भोपाल/छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बाबा महाकाल की कृपा से सिंहस्थ-2028 का आयोजन भव्य, दिव्य, अद्भुत और अलौकिक होगा। सिंहस्थ को लेकर उज्जैन में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। महापर्व से पहले विकास कार्यों के पूरा होने पर उज्जैन नगरी और अधिक सुंदर, सुव्यवस्थित एवं आकर्षक नजर आएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव सिंहस्थ मेला प्राधिकरण के नवनियुक्त अध्यक्ष श्री जगदीश अग्रवाल के दायित्व ग्रहण समारोह को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ के सफल आयोजन में संत-महात्माओं, प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। सभी वर्गों के सहयोग और संत-महात्माओं के मार्गदर्शन से सिंहस्थ का ऐतिहासिक आयोजन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ के लिए श्रद्धालुओं और साधु-संतों की सुविधा एवं सेवा को ध्यान में रखते हुए शासन-प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने किसानों और नागरिकों से भी सिंहस्थ की तैयारियों में सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिन किसानों के पास भूमि उपलब्ध है, वे वहां स्कूल, अस्पताल और हॉस्टल जैसी आवश्यक सुविधाएं विकसित कर सकते हैं, जिसमें सरकार आवश्यक सहयोग करेगी।
उन्होंने कहा कि उज्जैन की पहचान और गौरव संत-महात्माओं एवं सनातन परंपरा से जुड़ा हुआ है। सिंहस्थ की तैयारियों में विभिन्न वर्गों के लोगों ने स्वेच्छा से सहयोग किया है। अनेक नागरिकों ने अपने मकान एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की भूमि भी उपलब्ध कराई है। आने वाले समय में उज्जैन के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों का भी विकास किया जाएगा, जिससे उनका स्वरूप और अधिक भव्य एवं आकर्षक बनेगा।
संत-महात्माओं ने भी की तैयारियों की सराहना
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद संत बालयोगी श्री उमेश नाथ महाराज ने कहा कि सिंहस्थ करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का केंद्र है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में सिंहस्थ को भव्य स्वरूप देने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
स्थानीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत श्री रामेश्वरदास महाराज ने कहा कि सिंहस्थ-2028 के लिए किए जा रहे कार्य ऐतिहासिक हैं। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आगामी सिंहस्थ महापर्व भव्य और अद्भुत स्वरूप में आयोजित होगा।
सांसद श्री अनिल फिरोजिया ने कहा कि सिंहस्थ सनातन धर्म का विश्व प्रसिद्ध महापर्व है और इसकी तैयारियां भी उसी व्यापक स्तर पर की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि महाकाल लोक के निर्माण के बाद उज्जैन की पहचान और बाबा महाकाल की महिमा का देश-दुनिया में व्यापक प्रचार हुआ है।
श्री जगदीश अग्रवाल ने ग्रहण किया अध्यक्ष पद का दायित्व
सिंहस्थ मेला कार्यालय परिसर में आयोजित दायित्व ग्रहण समारोह में श्री जगदीश अग्रवाल ने संत-महंतों की उपस्थिति में भगवान महाकाल की तस्वीर का पूजन-अर्चन किया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने सिंहस्थ मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष पद का दायित्व ग्रहण किया।
श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सिंहस्थ-2028 की तैयारियां व्यापक स्तर पर की जा रही हैं। सिंहस्थ के आयोजन में उज्जैन का प्रत्येक नागरिक मेजबान की भूमिका निभाएगा।
समारोह में महापौर श्री मुकेश टटवाल, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री रवि सोलंकी, मध्यप्रदेश गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष श्री ओम जैन, मध्यप्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष श्री सौभाग्य सिंह, उज्जैन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री मुकेश यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विभिन्न अखाड़ों के संत-महंतों की भी गरिमामय उपस्थिति रही। संचालन श्री कमल बैरवा ने किया तथा आभार श्री जगदीश पांचाल ने व्यक्त किया।
