ग्वालियर कृषि के क्षेत्र में पंजाब-हरियाणा से भी आगे पहुंचेगा : मुख्यमंत्री डॉ. यादवडबरा में बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन, किसानों और मेधावी बच्चों का सम्मान

chif editor MANESH SAHU 9407073701
By -
0
ग्वालियर कृषि के क्षेत्र में पंजाब-हरियाणा से भी आगे पहुंचेगा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

डबरा में बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन, किसानों और मेधावी बच्चों का सम्मान
भोपाल/छिंदवाड़ा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ग्वालियर की पहचान संगीत, संस्कृति और वीरता के साथ कृषि क्षेत्र में भी है। शिक्षा, रक्षा, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण और दुग्ध उत्पादन में ग्वालियर संभाग प्रदेश में अग्रणी है। आने वाले समय में ग्वालियर कृषि के क्षेत्र में पंजाब और हरियाणा से भी आगे पहुंचेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ग्वालियर जिले के डबरा में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में वर्तमान वर्ष को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। किसानों की समृद्धि और कृषि क्षेत्र के विकास के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर बलराम कृषि महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्वालियर तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है और टेलीकॉम इंडस्ट्री का भी बड़ा केंद्र बनने जा रहा है। यहां की सरसों, गेहूं, मसूर और चना जैसी फसलों ने देशभर में अपनी पहचान बनाई है।

किसान फार्मर आईडी जरूर बनवाएं

मुख्यमंत्री ने किसानों से अपनी फार्मर आईडी बनवाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के साथ खेती से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त करने में सुविधा होगी। किसानों को पारंपरिक खेती के साथ फसल विविधीकरण, प्राकृतिक खेती और उन्नत पशुपालन अपनाने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादन किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने किसानों से अपने खेत की क्षमता और मिट्टी की गुणवत्ता के अनुसार फसल चयन करने तथा आधुनिक तकनीक का उपयोग करने का आग्रह किया।

रबी फसलों के लिए बिजली व्यवस्था को और बेहतर करने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि रबी सीजन में गेहूं और चना सहित अन्य फसलों की सिंचाई के लिए किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार काम कर रही है। उन्होंने किसानों से अपनी भूमि सुरक्षित रखने और विवाह समारोहों में अनावश्यक खर्च से बचने का आह्वान किया। उन्होंने सामूहिक विवाह को बढ़ावा देने की बात भी कही।

किसानों और मेधावी बच्चों का सम्मान

डबरा मंडी प्रांगण में आयोजित कृषि महोत्सव का शुभारंभ भगवान बलराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में प्रगतिशील किसानों और किसानों के मेधावी बच्चों को सम्मानित किया गया। विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत हितलाभ भी वितरित किए गए।

कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य सहित विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाकर किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों, ड्रोन तकनीक, प्राकृतिक खेती, जैविक खेती, डिजिटल कृषि सेवाओं, स्मार्ट सिंचाई, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन और मौसम आधारित खेती की जानकारी दी गई। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को फसल विविधीकरण और आधुनिक कृषि तकनीकों के बारे में जानकारी दी।

किसान कल्याण वर्ष में जुड़ रहे नए आयाम

अपेक्स बैंक के प्रशासक श्री महेन्द्र सिंह यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में किसान कल्याण वर्ष के दौरान किसानों के हित में कई महत्वपूर्ण पहल की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में प्राकृतिक खेती कर रहे बिलौआ के कृषक श्री प्राण सिंह सहित अन्य किसानों ने अपने अनुभव साझा किए। इस अवसर पर सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री श्रीमती इमरती देवी, बलराम महोत्सव एवं सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के संयोजक श्री कपिल यार्दे, जनपद पंचायत डबरा की अध्यक्ष श्रीमती प्रवेश गुर्जर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती प्रियंका सिंह घुरैया, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष श्री अमरदीप ओलख सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सोजान सिंह रावत, एसडीएम डबरा श्रीमती जुही गर्ग, उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास श्री भानु प्रकाश शर्मा सहित जिलेभर से आए प्रगतिशील किसान भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
400/related/default