पांढुर्णा, 20 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से जिले के नगरीय निकायों में प्रत्येक शुक्रवार को विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। यह अभियान 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा।
इसी क्रम में 21 अगस्त 2026 को नगर पालिका परिषद पांढुर्णा एवं नगर पालिका परिषद सौसर में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविर के दौरान नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों का निराकरण करने के साथ ही शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
सुबह 9 बजे से होगा वार्डों का भ्रमण
अभियान दिवस पर प्रातः 9 बजे से नगरीय निकायों के अधिकारी एवं कर्मचारी संबंधित वार्डों का भ्रमण कर नागरिकों से आवेदन एवं शिकायतें प्राप्त करेंगे। इस दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं लोक सेवाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेने के साथ नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं का निराकरण किया जाएगा।
जिन प्रकरणों का मौके पर तत्काल निराकरण संभव नहीं होगा, उन्हें संबंधित विभाग को निर्धारित समय-सीमा में निराकरण के लिए भेजा जाएगा। साथ ही लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग कर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने नगर पालिका परिषद पांढुर्णा एवं नगर पालिका परिषद सौसर क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे 21 अगस्त को आयोजित विशेष शिविर में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं, शिकायतों एवं पात्रता से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करें तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।
