पांढुर्णा, /20 अगस्त 2026/ कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त श्री बी.आर. वैद्य के मार्गदर्शन में आबकारी वृत्त पांढुर्णा द्वारा अवैध शराब के निर्माण एवं संग्रहण के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज ग्राम खेड़ीधान एवं नीलकंठ में अवैध शराब के अड्डों पर दबिश देकर कार्रवाई की गई।
कार्यवाही के दौरान नालों एवं जंगल में झाड़ियों के पास अवैध हाथ भट्टी महुआ शराब बनाने के उद्देश्य से पन्नियों एवं ड्रमों में एकत्रित लगभग 500 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। महुआ लाहन का सैंपल लेकर शेष लाहन को निर्मूल्य होने के कारण विधिवत नष्ट किया गया। साथ ही 30 बल्क लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब जब्त कर आबकारी विभाग के कब्जे में ली गई।
उक्त कार्रवाई में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(1)(च) के अंतर्गत कुल 03 प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिए गए हैं। कार्यवाही में वृत्त प्रभारी श्री अनिकेत पटेल, आरक्षक श्री मुकेश राहांगडाले, सुश्री श्रद्धा राहंगडाले एवं श्री अंकुश मरावी उपस्थित रहे।
