भोपाल/छिंदवाड़ा/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस (23 अगस्त) के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में विज्ञान को लोकप्रिय बनाने और विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को विज्ञान से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में स्पेस पॉलिसी लॉन्च की गई है। साइंस सिटी एवं प्लेनेटोरियम प्रारंभ करने की दिशा में भी पहल की गई है। स्पेस टेक्नोलॉजी और विज्ञान का अधिकतम लाभ जन-जन तक पहुंचे, इस उद्देश्य से प्रदेश में विभिन्न गतिविधियां लगातार आयोजित की जा रही हैं। मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (मेपकास्ट) द्वारा भी अनेक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान से जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों से विश्व में भारत का मान-सम्मान बढ़ा है। मध्यप्रदेश भी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में देश के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहा है। विद्यार्थियों और नागरिकों को विज्ञान से जोड़ने के कार्य में केन्द्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है। हाल ही में आंचलिक विज्ञान केंद्र, भोपाल में स्पेस गैलरी का शुभारंभ किया गया है, जो विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस से एक दिन पूर्व 22 अगस्त को मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (मेपकास्ट) द्वारा इसरो के सहयोग से राज्य स्तरीय सैटेलाइट मॉडल निर्माण कार्यशाला आयोजित की जा रही है। कार्यशाला में प्रदेश के 32 से अधिक विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं वैज्ञानिक संस्थानों के विद्यार्थी और शिक्षक भाग लेंगे।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से युवाओं में अंतरिक्ष विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं अनुसंधान के प्रति रुचि बढ़ेगी। प्रदेश सरकार युवाओं और आम नागरिकों को विज्ञान एवं अंतरिक्ष तकनीक के प्रति जागरूक करने तथा वैज्ञानिक सोच विकसित करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विद्यार्थियों, विज्ञान शिक्षकों एवं प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
